नूरसराय में युवक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला, रिश्तेदारों पर लगा आरोप

बिहारशरीफ के नूरसराय में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. चार-पांच कट्ठा जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर हुए मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजनों ने रिश्तेदारों पर हमला करने का आरोप लगाया है.

बिहारशरीफ के नूरसराय थाना क्षेत्र के दीरिपर गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान दीरिपर गांव निवासी स्वर्गीय भोला यादव के पुत्र आनंदी प्रसाद के रूप में हुई है. उनका इलाज बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में चल रहा है. घायल के परिजनों ने बताया कि गांव में करीब चार से पांच कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है.

उनका आरोप है कि दयानंद कुमार, बृजनंदन कुमार, राजा कुमार, टीटू कुमार समेत अन्य लोगों ने उक्त जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है और इसी विवाद को लेकर आए दिन आनंदी प्रसाद के साथ झगड़ा करते रहते हैं.

परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह आनंदी प्रसाद खेत की ओर जा रहे थे. उसी दौरान पहले से मौजूद आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. आरोप है कि इसी दौरान दयानंद कुमार ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है. परिजनों का कहना है कि जब भी आनंदी प्रसाद अपने मकान या जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास करते हैं, आरोपित विरोध करते हैं और काम नहीं करने देते हैं. इस विवाद को लेकर पहले गांव में पंचायत भी हो चुकी है, लेकिन उसका कोई समाधान नहीं निकल सका. परिजनों का आरोप है कि सभी आरोपित आनंदी प्रसाद के रिश्तेदार हैं और जबरन उनकी जमीन पर कब्जा जमाए हुए हैं.

इस संबंध में नूरसराय थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि अभी तक इस मामले की सूचना थाना को प्राप्त नहीं हुई है. यदि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन दिया जाता है, तो मामले की जांच कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >