खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियां चरम पर

चार मई से राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियां चरम पर है. जिला प्रशासन ने आयोजन को यादगार बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है. राजगीर में तलवारबाजी, हॉकी, भारोत्तोलन, बॉक्सिंग और कबड्डी का आयोजन होना है.

राजगीर. चार मई से राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियां चरम पर है. जिला प्रशासन ने आयोजन को यादगार बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है. राजगीर में तलवारबाजी, हॉकी, भारोत्तोलन, बॉक्सिंग और कबड्डी का आयोजन होना है. तैयारियों को लेकर डीएम शशांक शुभंकर द्वारा शुक्रवार को राजगीर में समीक्षा बैठक की गयी. इस बैठक में विभिन्न विभागों एवं समितियों के संयोजक अधिकारी, खेल पदाधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं आयोजन से जुड़े अन्य कर्मी उपस्थित रहे. बैठक में मुख्य उद्देश्य आयोजन को सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गयी और आवश्यक निर्देश भी दिये गये हैं. डीएम शशांक शुभंकर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन की हर गतिविधि समयबद्ध और सुनियोजित ढंग से पूरी की जाय. उन्होंने आयोजन स्थलों, खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की. डीएम ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स एक राष्ट्रीय स्तर का आयोजन है. पहली बार राजगीर में आयोजित यह प्रतिस्पर्धा न केवल नालंदा, बल्कि राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़ी हुई है. इसलिये इसमें कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने खेल परिसर और संबंधित स्थल पर साफ-सफाई, रंग-रोगन, खिलाड़ियों की सुविधा हेतु परिवहन एवं आवास व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है. स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर परिषद, पीएचइडी एवं स्वास्थ्य विभाग आदि को आपसी समन्वय से कार्य करने के लिए उन्होंने कहा. डीएम ने यह भी कहा कि खिलाड़ियों के स्वागत और सुविधा में कोई कमी नहीं होनी चाहिए. उन्हें बिहार खासकर राजगीर नालंदा की अतिथि सत्कार की भावना का अनुभव हो. बैठक में निर्णय लिया गया कि आयोजन के दौरान सभी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया जाएगा. इसके साथ ही स्वयंसेवकों की तैनाती कर आयोजन स्थल पर मार्गदर्शन और सहायता प्रदान की जाएगी. डीएम ने सभी अधिकारियों से अपील किया कि वे पूरे मनोयोग और समर्पण से कार्य करें, ताकि राजगीर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन सके. इस बैठक में नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा, उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर, अपर समाहर्ता मंजीत कुमार, अपर समाहर्ता आपदा सफीक अहमद, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा कृष्ण कुमार उपाध्याय, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार ओमकेश्वर, डीसीएलआर उपेन्द्र सिंह सहित सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Santosh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >