नालंदा: इसलामपुर में बड़ी आपराधिक घटना की साजिश नाकाम, दो पिस्टल, कट्टा और 28 कारतूस के साथ अपराधी गिरफ्तार

इसलामपुर में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहे बदमाश को धर दबोचा है. उसके पास से दो देशी पिस्टल, एक कट्टा और 28 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. बदमाश पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और पूर्व में कई गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने का भी खुलासा हुआ है.

Nalanda Criminal Arrested: इसलामपुर थाना क्षेत्र के बौलीबाग मुहल्ले में शुक्रवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की कथित योजना बना रहे एक बदमाश को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके पास से दो देशी निर्मित पिस्टल, एक देशी कट्टा और 28 जिंदा कारतूस बरामद किये हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बौलीबाग मुहल्ला निवासी मो. इसलामउद्दीन के पुत्र मो. शहवाजउद्दीन उर्फ मंटू के रूप में हुई है. हिलसा-2 इसलामपुर डीएसपी रामदुलार प्रसाद ने शनिवार को इसलामपुर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

डीएसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष रणविजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बौलीबाग मुहल्ले में एक शातिर बदमाश अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना के बाद थानाध्यक्ष ने वरीय पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी और निर्देशानुसार छापेमारी दल का गठन किया.

पुलिस टीम ने बौलीबाग मुहल्ले की घेराबंदी कर संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसकी कमर से दो देशी पिस्टल और एक देशी कट्टा बरामद किया गया.

7.65 एमएम और 8 एमएम के 28 कारतूस मिले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से 7.65 एमएम के 15 जिंदा कारतूस और 8 एमएम के 13 जिंदा कारतूस बरामद किये गये. इस तरह कुल 28 जिंदा कारतूस पुलिस के हाथ लगे हैं.

पटना सचिवालय में नौकरी करने की भी हो रही जांच

डीएसपी रामदुलार प्रसाद ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी है कि गिरफ्तार शहवाजउद्दीन उर्फ मंटू पटना सचिवालय में समाज कल्याण विभाग में स्टेनोग्राफर के पद पर कार्यरत है. पुलिस इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है.

डीएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शातिर आपराधिक प्रवृत्ति का है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है.

पांच मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की बात

डीएसपी ने बताया कि इसलामपुर थाना में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व से पांच आपराधिक घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज है. इनमें आर्म्स एक्ट, गोलीबारी, धार्मिक उन्माद फैलाने, वाहन जलाने और पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने से संबंधित मामले शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार, एक मामले में अपने घर पर साथी अपराधी से गोली चलवाकर विरोधी को नामजद कराने का आरोप भी दर्ज है. डीएसपी ने यह भी बताया कि आरोपी पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूलने के आरोपों की जानकारी मिली है. पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है.

पूछताछ में जुटी पुलिस

हथियार के साथ गिरफ्तार आरोपी से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और कारतूस कहां से आये थे तथा कथित आपराधिक योजना में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे.

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल

छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष रणविजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार राय, रंजन कुमार चौधरी, पीटीसी संजय कुमार सहित अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >