Biharsharif News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार की शाम हिलसा अनुमंडल मुख्यालय स्थित रामबाबू हाईस्कूल मैदान में नागरिक एकादश और अनुमंडल प्रशासन एकादश के बीच फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया. रोमांचक मुकाबले में नागरिक एकादश ने अनुमंडल प्रशासन एकादश को हराकर कई वर्षों बाद जीत दर्ज की.
टॉस जीतकर प्रशासन एकादश ने की पहले बल्लेबाजी
मैच में टॉस जीतकर अनुमंडल प्रशासन एकादश ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 77 रन बनाए. इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागरिक एकादश की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. नागरिक एकादश ने 8 ओवर और 5 गेंद में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ नागरिक एकादश ने कई वर्षों बाद प्रशासन की टीम को पराजित करने में सफलता हासिल की.
धनंजय कुमार ने की नागरिक एकादश की कप्तानी
नागरिक एकादश की टीम में धनंजय कुमार, मनीष कुमार, संतोष कुमार पार्थ, धनपत कुमार, रूपेश कुमार, प्रेम कुमार, धर्मेंद्र कुमार, आर्यन आर्क, आलोक कुमार, सुमन कुमार, मुकेश और दिलशुश शामिल रहे. टीम की कप्तानी हिलसा नगर परिषद के मुख्य पार्षद धनंजय कुमार ने की. वहीं अनुमंडल प्रशासन एकादश में एसडीओ अमित कुमार पटेल, रविशंकर प्रसाद, ब्रजेश कुमार मौर्य, नीरज कुमार, रोशन कुमार, उपेंद्र कुमार, सूर्यकांत कुमार, आदित्य कुमार और डॉ. अनीश कुमार सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे. प्रशासन एकादश का नेतृत्व एसडीओ अमित कुमार पटेल ने किया.
प्रेम कुमार बने मैन ऑफ द मैच
मैच के बाद विजेता और उपविजेता टीम को कप प्रदान कर सम्मानित किया गया. दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल भी दिया गया. नागरिक एकादश के प्रेम कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया. वहीं मैच में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले अंपायर गणेश रजक और पवन कुमार को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया.
प्रशासन और जनता के बीच सौहार्द बढ़ाने में सहायक है मैच
इस अवसर पर एसडीओ अमित कुमार पटेल ने कहा कि इस तरह के फैंसी क्रिकेट मैच प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध तथा बेहतर सामंजस्य स्थापित करने में सहायक होते हैं. उन्होंने कहा कि नागरिक एकादश ने कई वर्षों बाद अनुमंडल प्रशासन की टीम को हराकर जीत दर्ज की है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले का खिलाड़ियों और दर्शकों ने भी जमकर आनंद लिया.
