Hilsa Lokain River Flood : बिहारशरीफ के हिलसा अनुमंडल के एकंगरसराय, हिलसा एवं करायपरसुराय प्रखंड की करीब आधा दर्जन पंचायतों से होकर गुजरने वाली लोकाइन नदी में इस महीने दूसरी बार रविवार की सुबह बाढ़ का पानी आ गया.
नदी के जलस्तर में दिनभर उतार-चढ़ाव जारी रहा. सुबह 6 बजे जलस्तर 1.50 मीटर, 7 बजे 1.90 मीटर, 8 बजे 2.16 मीटर और सुबह 10:30 बजे बढ़कर 2.46 मीटर पहुंच गया. इसके बाद दोपहर 2 बजे जलस्तर घटकर 2.15 मीटर हो गया. जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है.
पिछले साल तटबंध टूटने से हुई थी भारी तबाही
पिछले वर्ष लोकाइन नदी में चार बार बाढ़ आई थी. इस दौरान कई स्थानों पर तटबंध टूटने से खेतों में लगी धान समेत अन्य फसलें बर्बाद हो गई थीं. खासकर धुरी बीघा और गुलरिया बीघा के पास तटबंध टूटने से भारी तबाही मची थी.
इस महीने दूसरी बार आया पानी, तटबंधों पर किसानों की नजर
इस वर्ष करीब एक सप्ताह पहले भी लोकाइन नदी में बाढ़ का पानी आया था, लेकिन महज चार दिनों में जलस्तर घटकर शून्य हो गया था.
अब रविवार को दूसरी बार बाढ़ का पानी आने के बाद किसानों की नजर नदी के संवेदनशील तटबंध वाले स्थानों पर टिकी हुई है. जलस्तर बढ़ने से किसानों को तटबंध पर दबाव बढ़ने और खेतों में पानी प्रवेश करने की चिंता सताने लगी है.
ग्रामीणों ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की उठाई मांग
ग्रामीणों का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर समय रहते निगरानी और आवश्यक बचाव कार्य किया जाना जरूरी है, ताकि पिछले वर्ष जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हो.
प्रशासन अलर्ट, तटबंधों की लगातार की जा रही निगरानी
एसडीओ अमित कुमार पटेल ने बताया कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ लोकाइन नदी के तटबंधों पर नजर बनाए हुए है. संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
