Biharsharif Half-Yearly Examination 2026 : राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, बिहार, पटना की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. जिले में परीक्षा को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एसएसए भोला कुमार कर्ण ने इसकी जानकारी दी.
जिले में 2168 प्रारंभिक और मध्य विद्यालय
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के अनुसार जिले में वर्तमान में 1341 प्राथमिक विद्यालय और 827 मध्य विद्यालय हैं. इन विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक लगभग 3 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जो अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा में शामिल होंगे.
15 से 20 सितंबर तक होगी परीक्षा
विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा 15 सितंबर से शुरू होकर 20 सितंबर तक चलेगी. सभी प्रारंभिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार परीक्षा आयोजित कराने का निर्देश दिया गया है.
पहले दिन हिंदी उर्दू और बांग्ला की परीक्षा
15 सितंबर को प्रथम पाली में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की हिंदी, उर्दू और बांग्ला विषय की परीक्षा होगी. वहीं द्वितीय पाली में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
16 सितंबर को अंग्रेजी और पर्यावरण अध्ययन
16 सितंबर को प्रथम पाली में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी. द्वितीय पाली में कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
17 सितंबर को गणित और संस्कृत का पेपर
17 सितंबर को प्रथम पाली में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की गणित की परीक्षा होगी. द्वितीय पाली में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों की संस्कृत विषय की परीक्षा ली जाएगी.
18 और 20 सितंबर को सह शैक्षिक गतिविधियों की ग्रेडिंग
18 और 20 सितंबर को विद्यार्थियों की सह शैक्षिक गतिविधियों का समेकन और ग्रेडिंग की जाएगी. वहीं 19 सितंबर को प्रथम पाली में हिंदी भाषी विद्यार्थियों के लिए हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित होगी.
ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर मिलेगा प्रश्नपत्र
अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा के लिए प्रत्येक दिन प्रश्नपत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा. विद्यालयों को उत्तर पुस्तिका, मूल्यांकन पंजी और परिणाम पत्रक मुद्रित कराकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है.
स्कूलों तक समय पर पहुंचाई जाएगी परीक्षा सामग्री
आवश्यक परीक्षा सामग्री विद्यालयों तक समय पर पहुंचाने के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं. उत्तर पुस्तिकाओं का विद्यालय स्तर पर संग्रहण परीक्षा की निर्धारित तिथि के अनुसार किया जाएगा.
26 सितंबर को होगी शिक्षक-अभिभावक बैठक
मूल्यांकन परीक्षा के बाद 26 सितंबर को जिले के सभी प्रारंभिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक बैठक यानी पीटीएम आयोजित की जाएगी. इस दौरान कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति अभिभावकों के साथ साझा की जाएगी.
अभिभावकों को दिखाई जाएगी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका
पीटीएम के दौरान विद्यार्थियों की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका भी अभिभावकों को दिखाई जाएगी. इससे अभिभावकों को बच्चों के प्रदर्शन और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी मिल सकेगी.
कदाचार रोकने के लिए दूसरे स्कूलों से शिक्षक होंगे प्रतिनियुक्त
परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रखंड स्तर पर कार्यरत शिक्षकों को दूसरे विद्यालयों में प्रतिनियुक्त किया जाएगा. परीक्षा के दौरान स्वच्छ और कदाचारमुक्त वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.
परीक्षा कक्ष में अनावश्यक सामग्री ले जाने पर रोक
विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में अनावश्यक सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद आवश्यक परिस्थिति में ही वीक्षक की अनुमति से वॉशरूम जाने की व्यवस्था रहेगी.
14 सितंबर तक पूरी करनी होगी तैयारी
डीपीओ भोला कुमार कर्ण ने बताया कि अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन से संबंधित सभी जरूरी तैयारियां 14 सितंबर 2026 तक पूरी कर ली जाएंगी. परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
तय समय में दर्ज होगा विद्यार्थियों का परिणाम
उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के बाद विद्यार्थियों के परिणाम को प्रगति पत्र में दर्ज करने की प्रक्रिया भी निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया गया है. जिला स्तर से पूरी मूल्यांकन प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों के वास्तविक ज्ञान और शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया जा सके.
Also Read : बिहारशरीफ के अमृत राजकुमार बने सेना में लेफ्टिनेंट, भारत-चीन सीमा के पास स्पीति वैली में होगी पहली तैनाती
