Shri Ram Katha Rajakuan: राजाकुआं स्थित श्री संत बाबा आश्रम में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा और तीन दिवसीय अखंड कीर्तन को लेकर मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. घोड़े, बैंड-बाजे और रथ पर संत बाबा की चांदी की प्रतिमा को विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा
शोभायात्रा संत बाबा मंदिर से शुरू होकर रेलवे स्टेशन, खंदकपर, कॉलेज मोड़, अंबेर और नईसराय होते हुए कल्याणपुर पहुंची. इसके बाद यात्रा वापस संत बाबा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई. श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया.
कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर हिस्सा लिया. बड़ी संख्या में पुरुष श्रद्धालु भी शोभायात्रा में शामिल हुए. घोड़े, बैंड-बाजे और रथ के साथ निकली शोभायात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र रही. इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और संत बाबा के जयकारे लगाये.
23 सितंबर से होगी श्रीराम कथा
श्री संत अक्षर न्यास समिति के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के तहत 23 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जायेगा.
इसके बाद 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से अखंड कीर्तन शुरू होगा. इसका समापन 5 अक्टूबर को पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ किया जायेगा.
आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी राजू यादव, कोषाध्यक्ष जागेश्वर यादव, सचिव आनंदी व्यास जी, अध्यक्ष राजेश्वर यादव, मनोहर यादव, उपाध्यक्ष रामचंद्र यादव उर्फ केल्लू यादव और सदस्य धीरज कुमार समेत समिति के कई सदस्य व श्रद्धालु मौजूद रहे. आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
