नालंदा के राजगीर में एक युवती को बाइक से घसीटे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसका आरोप युवती के प्रेमी पर लगा है. आरोपी चार से पांच दिन पहले अपनी प्रेमिका से मिलने आया था. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और शादी की बात को लेकर विवाद के बाद यह घटना हुई.
शादी की बात पर हुआ विवाद, बाइक से जाने लगा युवक
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक कुछ दिन पहले युवती से मिलने राजगीर आया था. मुलाकात के दौरान युवती ने शादी करने की बात कही, लेकिन युवक ने इससे इनकार कर दिया. इसके बाद वह बाइक से वहां से जाने लगा. युवती ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने बाइक नहीं रोकी.
इसी दौरान युवती बाइक के साथ घिसटती चली गई. करीब 100 मीटर तक जाने के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और युवक सड़क पर गिर गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
भीड़ ने रोका, युवक ने बताया पत्नी
वायरल वीडियो में कुछ लोग बाइक सवार युवक का पीछा करते और घटना का वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को उठाया. इस दौरान कुछ लोगों ने युवक का विरोध किया, लेकिन अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
लोगों द्वारा पूछताछ करने पर युवक ने युवती को अपनी पत्नी बताया और इसे घरेलू विवाद बताया.
नवादा में अमीन के पद पर कार्यरत है आरोपी
राजगीर थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध और शादी के विवाद से जुड़ा हुआ सामने आया है. आरोपी युवक नवादा जिले के नारदीगंज में अमीन के पद पर कार्यरत है.
उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया था. इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई. पीड़ित युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ नवादा जिले के नारदीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
