नालंदा: छाछुविगहा मोड़ पर गांजा की खरीद-बिक्री करते दो गिरफ्तार, 2.29 किलो पदार्थ बरामद

नालंदा के छाछुविगहा मोड़ पर रविवार रात गांजा की अवैध खरीद-बिक्री के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान 2 किलो 29 ग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है.

नालंदा. कतरीसराय थाना क्षेत्र के छाछुविगहा मोड़ पर रविवार की देर रात गांजा की अवैध खरीद-बिक्री की सूचना पर कतरीसराय थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकानदार समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने दोनों के पास से 2 किलो 29 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ, एक होंडा एसपी मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद किये हैं. बरामद पदार्थ को पॉलिथिन सहित जब्त किया गया है.

गुप्त सूचना पर दुकान में हुई छापेमारी

थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि रविवार की देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि छाछुविगहा मोड़ के पास स्थित एक दुकान में गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया. इसके बाद विशेष टीम का गठन कर तत्काल कार्रवाई की गयी.

पुलिस टीम ने छाछुविगहा मोड़ स्थित उक्त दुकान पर छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, मौके पर एक व्यक्ति दुकानदार को गांजा जैसा पदार्थ देते हुए पकड़ा गया. दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उनके पास से 2 किलो 29 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ, एक होंडा एसपी मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद हुए.

शेखपुरा और नालंदा के रहने वाले हैं आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के कुटौत गांव निवासी राजीव कुमार के पुत्र अजय शंकर उर्फ गौरव कुमार और छाछुविगहा गांव निवासी सुरेश सिंह के पुत्र बबलू कुमार के रूप में की गयी है. पुलिस के अनुसार, अजय शंकर उर्फ गौरव कुमार सप्लायर है, जबकि बबलू कुमार दुकान पर खरीद-बिक्री में संलिप्त था.

अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. छापेमारी दल में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा, सअनि धर्मेंद्र कुमार, मुकेश कुमार समेत सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By निरंजन कुमार

निरंजन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >