Nalanda Ganga Maha Aarti : सावन माह के अवसर पर हिलसा शहर के प्रसिद्ध बाबा अभयनाथ धाम सह मानव सेवा आश्रम के प्रांगण में गंगा महाआरती का आयोजन किया गया. इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया.
पंडित आचार्य गौतम कुमार की टीम के सदस्यों ने संपूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना की. दीपों की अलौकिक आभा, गूंजते मंत्र, श्लोक और शंख ध्वनि से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा.
गंगा आरती का दिव्य दृश्य देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए. महाआरती के लिए शिव गंगा को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे मंदिर की सुंदरता देखते ही बन रही थी. इस दौरान श्रद्धालुओं ने शिव एवं माता गंगा के जयकारे लगाए.
धार्मिक अनुष्ठानों और कार्यक्रमों की रूपरेखा
इस दौरान दिलीप कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी समरसता बनाए रखने में सहायक होते हैं. उन्होंने बताया कि इससे मानसिक और बौद्धिक विकास होता है, साथ ही लोगों की भक्ति में आस्था बढ़ती है. बाबा अभयनाथ धाम सह मानव सेवा आश्रम के प्रबंध समिति के सचिव ने बताया कि मंदिर परिसर में सावन माह के अवसर पर विभिन्न प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए हैं.
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन प्रातः 4 बजे और शाम 6 बजे भव्य श्रृंगार आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाता है. साथ ही, शाम 7:15 बजे से रामधुनि कीर्तन का आयोजन प्रत्येक दिन किया जा रहा है. रविवार शाम 7:00 बजे सामूहिक गंगा आरती की गई, और सोमवार को रात्रि 8:00 बजे से भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा.
सनातन संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्नातक अधिकार मंच के संयोजक दिलीप कुमार ने गंगा आरती को लेकर कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धारा है.
गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि गंगा आरती जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से लोगों में गंगा के प्रति श्रद्धा के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी पहुंचता है.
Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी
जदयू के वरिष्ठ नेता अवधेश पटेल ने कहा कि “गंगा आरती हमारी सनातन संस्कृति और आस्था का प्रतीक है. ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ आपसी भाईचारा और एकता का संदेश भी जाता है. गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है.”
समारोह में उपस्थित प्रमुख गणमान्य लोग
इस मौके पर जदयू नेता अवधेश प्रसाद, दिलीप कुमार, रामाशीष प्रसाद, नागेंद्र प्रसाद, सुभाष बाबा, सम्मी प्रसाद, विवेकानंद पाठक सहित सैकड़ों की संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालु उपस्थित रहे.
