नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के मलबीघा गांव में रविवार को करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान मलबीघा गांव निवासी स्वर्गीय मैनेजर यादव के 40 वर्षीय पुत्र मनोहर यादव के रूप में हुई है.
स्टे वायर में प्रवाहित हो रहा था करंट
मृतक के चाचा शिव कुमार यादव ने बताया कि मनोहर यादव खेत में धान की रोपाई के लिए कीचड़ (कादो) तैयार कर रहे थे. दोपहर में भोजन करने के लिए वह खेत से घर लौट रहे थे.
इसी दौरान 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का फ्यूज टूटकर पोल के स्टे वायर (सपोर्ट तार) पर गिर गया, जिससे स्टे वायर में करंट प्रवाहित होने लगा. अनजाने में जैसे ही मनोहर यादव स्टे वायर के संपर्क में आए, उन्हें जोरदार करंट लग गया और वह वहीं गिर पड़े.
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
खेत में मौजूद अन्य किसानों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिजनों के अनुसार, मनोहर यादव खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
