जनता दरबार में 34 फरियादियों की समस्याएं सुनीं डीएम उदिता सिंह, त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

नालंदा डीएम उदिता सिंह ने जनता दरबार में 34 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जानिए पूरी खबर विस्तार से।

बिहारशरीफ (नालंदा). नालंदा जिला समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित दैनिक जनता दरबार में जिलाधिकारी उदिता सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 34 आवेदकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना. जनता दरबार में भूमि विवाद, मुआवजा, अतिक्रमण, आपदा सहायता, सड़क निर्माण, जल निकासी तथा सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई. जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

भूमि अधिग्रहण मुआवजा और कब्जा विवाद के मामलों पर दिए विशेष निर्देश : जनता दरबार के दौरान एक आवेदक ने अधिग्रहित भूमि के मुआवजा राशि में बढ़ोतरी का मामला उठाया. इस पर जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नालंदा को पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. वहीं, जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत मिलने पर राजगीर के अनुमंडल पदाधिकारी एवं एसडीपीओ को संयुक्त रूप से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का निष्पादन कानून के अनुरूप और निष्पक्ष ढंग से किया जाए.

आपदा सहायता, सड़क निर्माण और पईन खुदाई की शिकायतों पर भी हुई सुनवाई : जनता दरबार में आपदा सहायता राशि नहीं मिलने से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया. वहीं, एक आवेदक ने रैयती भूमि पर जबरन सड़क निर्माण कराने की शिकायत की, जिस पर अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. इस्लामपुर प्रखंड में आम गैर मजरूआ पईन की खुदाई से संबंधित मामले पर हिलसा के अनुमंडल पदाधिकारी को जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.

निजी भूमि पर अतिक्रमण समेत अन्य मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश : जनता दरबार में निजी जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत भी सामने आई. इस मामले में जिलाधिकारी ने बिहारशरीफ के अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य आवेदनों पर भी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जिलाधिकारी उदिता सिंह ने अधिकारियों से कहा कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निष्पादन कर आवेदकों को राहत पहुंचाई जाए तथा प्रत्येक मामले की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kumar

कंचन कुमार वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उत्तराखंड से शुरुआत करने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पटना, नवादा और बिहारशरीफ में विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर बिहारशरीफ कार्यालय में नालंदा जिला रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. जिला प्रशासन, खोजी एवं विशेष रिपोर्ट, जमीनी पड़ताल, विकास, जनसरोकार के मुद्दों तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों के गहन विश्लेषण के लिए उनकी विशेष पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >