शेखपुरा. भारत की जनगणना 2027 के तहत जिलाधिकारी शेखर आनंद ने नगर क्षेत्र के खांडपर मोहल्ले से मकान के सूचीकरण का काम शुरू किया. पूरे जिले में जनगणना के तहत दो मई से मकान के सूचीकरण का काम शुरू है. यह काम 31 मई तक जारी रहेगा. इसके पहले यहां 48 हजार 088 लोगों ने जनगणना कार्य को लेकर 33 प्रकार के प्रश्नों का उत्तर देते हुए स्व घोषणा जनगणना पोर्टल पर लोड किया है. जिसके सत्यापन का काम भी साथ-साथ चल रहा है. जनगणना कार्य के तहत मकान के सूचीकरण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा 1277 प्रगणक और पर्यवेक्षक तैनात कर रखे हैं. इन सभी को विशेष प्रशिक्षण के बाद यह कार्य पूरे इलेक्ट्रॉनिक मोड में किया जा रहा है. जनगणना कार्य को लेकर जिलाधिकारी को प्रधान जनगणना पदाधिकारी नामित किया गया है. जबकि एडीएम को जिला जनगणना पदाधिकारी और सांख्यिकी पदाधिकारी को अपर जनगणना पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है. जनगणना कार्य के सुचारू संपादन के लिए जिले को प्रत्येक प्रखंड और नगर क्षेत्र के आधार पर 10 चार्ज में विभक्त किया गया है. सभी चार्ज के लिए अलग-अलग अधिकारी को नामित किया गया है. सभी चार्ज के इलेक्ट्रॉनिक मोड में आंकड़े अंकित करने के लिए अलग-अलग कोड भी प्रदान किये गये हैं. जनगणना निदेशालय द्वारा प्राप्त सभी निर्देशों का अक्षर सा पालन करते हुए यह काम जिले में युद्ध स्तर पर किया जा रहा है. इस संबंध में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी ने सभी जिला वासियों को 10 वर्ष के अंतराल पर होने वाले इस जनगणना के कार्य में अधिक से अधिक सहयोग देते हुए इस कार्य में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की है. जनगणना को लेकर साइबर ठग भी सक्रिय : उधर जनगणना कार्य को लेकर साइबर ठग भी इन दिनों कुछ ज्यादा सक्रिय हो गए हैं. इस संबंध में पुलिस ने लोगों को साइबर ठग से बचने की अपील की है. साइबर ठग लोगो को विभिन्न प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी मांग कर उनके बैंक खाता खाली करने के फिराक में हैं. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि जनगणना के लिए नामित कर्मी किसी भी व्यक्ति के आधार कार्ड, पैन कार्ड, यूपीआई, डेबिट- क्रेडिट कार्ड, बैंक खाता आदि विवरण जनगणना करी में नहीं मांगते हैं. इसके अलावा जनगणना कर्मी लोगों के मोबाइल नंबर, ईमेल आदि के पासवर्ड भी नहीं मांगते हैं. साथ ही हुए किसी प्रकार के ओटीपी या अन्य लेनदेन वाले बात किसी भी व्यक्ति से नहीं करते हैं. इसलिए लोगों को इस संबंध में सावधानी बरतने की आवश्यकता है. जनगणना कार्य को लेकर किसी भी प्रकार के साइबर ठग के झांसे में नहीं आने और इस प्रकार के किसी भी शिकायत को स्थानीय पुलिस से के समक्ष प्रस्तुत करने का भी अपील की गयी है. दो ट्रैक्टर अवैध बालू के साथ जब्त शेखपुरा. जिले के करंडे थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लखीसराय की ओर से ट्रैक्टर पर शेखपुरा लाये जा रहे दो ट्रैक्टर सहित अवैध बालू को जब्त किया. जबकि दोनों ट्रैक्टर का चालक वाहन से कूदकर भाग निकला. वहीं पुलिस ने चोरी के बालू की ढुलाई के दौरान पुलिस का रेकी कर रहे दो लाइनर को खदेड़कर धर दबोचा. पकड़े गये दोनों लाइनर के पास से एक बाइक भी बरामद किया गया. छापेमारी का नेतृत्व करंडे थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने किया. जबकि पकड़ा गया दोनों लाइनर की पहचान जमुई जिले के मंझवे गांव निवासी संजय यादव के पुत्र गौतम कुमार तथा चेवाडा बाजार निवासी अरुण केशरी के पुत्र शुभम केशरी के रूप में की गयी है. इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों लाइनर लखीसराय की नदी से चुराए गए बालू को शेखपुरा में खपाने हेतु दोनों ट्रैक्टर पर बालू लादकर ला रहे थे. इस बात की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस जब नारायणपुर मोड पर पहुंची. तब पुलिस को देखकर दोनों ट्रैक्टर का चालक वाहन से कूदकर भाग निकला. लेकिन ट्रैक्टर के साथ पुलिस का रेकी करते आगे बढ़ रहे एक बाइक पर सवार दो युवकों को पुलिस खदेड़ कर धर दबोचा. थानाध्यक्ष ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद खान निरीक्षक नेहा कुमारी स्थानीय थाना पहुंचकर बरामद बालू लदे ट्रैक्टर और एक बाइक को स्थानीय पुलिस के हवाले करते हुए एक प्राथमिकी ट्रैक्टर मालिक, चालक तथा गिरफ्तार दोनों लाइनर के विरुद्ध दर्ज करायी. बाद में दोनों गिरफ्तार लाइनर को पुलिस सब इंस्पेक्टर पूनम कुमारी के निगरानी में जेल भेज दिया गया. विदेशी शराब की डिलीवरी करने बाइक सवार युवक गिरफ्तार शेखपुरा. गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के गिरिहिंडा बाजार स्थित मेडिकल दुकान के समीप घात लगाकर विदेशी शराब का होम डिलीवरी करने हेतु जाते एक बाइक सवार युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया. गिरफ्तार युवक के पास से विभिन्न ब्रांड के 13 बोतल विदेश शराब और एक बाइक बरामद किया गया. गिरफ्तार शराब कारोबारी की पहचान सदर प्रखंड अंतर्गत हथियावा थाना क्षेत्र के मंदना गांव निवासी सुनील कुमार पांडेय के पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में की गयी है. छापेमारी का नेतृत्व उत्पाद थाना के एएसआइ अमरजीत कुमार तथा एएसआइ दिनेश कुमार ने संयुक्त रूप में किया. इस बाबत उत्पाद थानाध्यक्ष सह उत्पाद निरीक्षक अमित आनंद ने बताया कि गिरफ्तार युवक पकड़े जाने के वक्त एक बोतल शराब कमर में छिपा रखा था. जबकि 12 बोतल विदेशी शराब एक मेडिकल हाल के पीछे प्लास्टिक चादर के नीचे छिपाकर रखा था. युवक किसी को होम डिलीवरी करने हेतु शराब लेकर जा रहा था. तभी उसे रंगेहाथ धर दबोचा गया. गिरफ्तार युवक के विरुद्ध स्थानीय उत्पाद थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर उसे पुलिस निगरानी में जेल भेज दिया गया.
जनगणना के लिए मकानों का सूचीकरण की डीएम ने खुद की शुरुआत
भारत की जनगणना 2027 के तहत जिलाधिकारी शेखर आनंद ने नगर क्षेत्र के खांडपर मोहल्ले से मकान के सूचीकरण का काम शुरू किया.
