Biharsharif News : इस्लामपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में मंगलवार को 'साइबर मंगलवार' अभियान के तहत इस्लामपुर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था.
ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय
नगर के नेताजी सुभाष प्लस टू विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिलसा-2 के डीएसपी कुमार ऋषि राज ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, फिशिंग लिंक तथा सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल से जुड़े खतरों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सीवीवी, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए. बैंक कभी भी ग्राहकों से इस तरह की गोपनीय जानकारी नहीं मांगते हैं.
सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा उपाय
डीएसपी कुमार ऋषि राज ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. ऐसे में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे प्रभावी बचाव है. उन्होंने बताया कि साइबर ठगी की स्थिति में पीड़ित तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या आपातकालीन नंबर 112 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें.
परिजनों को भी जागरूक करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में उत्तर दिया. साथ ही विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दें, ताकि समाज को डिजिटल ठगी से सुरक्षित बनाया जा सके.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बताया कि 'साइबर मंगलवार' अभियान आगे भी जिले के विभिन्न विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके.
