नालंदा में 14 जुलाई तक चलेगा बाल श्रम उन्मूलन अभियान, बाल श्रमिक रखने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Biharsharif News : नालंदा जिले में 14 जुलाई तक बाल श्रम और बाल विवाह के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान मुक्त कराए गए बच्चों को शिक्षा और सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा. बाल श्रम कराने वाले नियोजकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Biharsharif News : नालंदा जिले में श्रम संसाधन विभाग की ओर से 14 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर बाल श्रम, बाल विवाह तथा अन्य बाल संरक्षण से जुड़े मामलों पर सघन कार्रवाई की जाएगी. अभियान के दौरान मुक्त कराए गए बच्चों को बाल कल्याण समिति के माध्यम से शिक्षा, पुनर्वास और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा. विभाग ने आम लोगों से भी ऐसे मामलों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है.

बिहारशरीफ में विशेष छापेमारी, एक बाल श्रमिक कराया गया मुक्त

श्रम संसाधन विभाग के निर्देश पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सतीश कुमार सिंह के नेतृत्व में लहेरी थाना क्षेत्र के भराव स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान एक प्रतिष्ठान से एक बाल श्रमिक को काम करते हुए मुक्त कराया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उसके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.

बाल श्रम कराने वाले नियोजक पर दर्ज होगी प्राथमिकी

श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत बाल श्रमिकों से काम कराना दंडनीय अपराध है. बिहारशरीफ में पकड़े गए मामले में संबंधित नियोजक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी बाल श्रम कराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.

पूरे जिले में चलेगा विशेष अभियान

श्रम अधीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि बाल श्रम उन्मूलन के लिए जिले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई गई है. अभियान केवल बिहारशरीफ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नालंदा जिले के सभी प्रखंडों में लगातार छापेमारी की जाएगी. उन्होंने कहा कि बच्चों को श्रम से मुक्त कर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य से जोड़ना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

लोगों से सहयोग की अपील

विशेष धावा दल में विभिन्न प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, आईडिया संस्था के प्रतिनिधि तथा लहेरी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से भाग लिया. श्रम विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी होटल, ढाबे, दुकान, गैराज, फैक्ट्री या अन्य प्रतिष्ठान में कोई बाल श्रमिक कार्य करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल श्रम विभाग या स्थानीय थाना को दें. इससे बच्चों को शोषण से मुक्त कराकर उन्हें शिक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सकेगा.

Also Read : पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, बिहारशरीफ-राजगीर रूट के अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kanchan kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >