Biharsharif Tree Raksha Bandhan : बिहारशरीफ शहर के बबुरबन्ना स्थित सरदार वाटिका में शंखनाद साहित्यिक मंडली के तत्वावधान में वृक्ष सुरक्षा दिवस मनाया गया. इस दौरान साहित्यकारों और समाजसेवियों ने पौधारोपण कर पेड़ों को रक्षासूत्र बांधा और उनकी रक्षा का संकल्प लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडली के कोषाध्यक्ष सरदार भाई वीर सिंह ने की.
रक्षाबंधन केवल स्नेह का पर्व नहीं, प्रकृति रक्षा का भी देता है संदेश: राकेश शर्मा
मौके पर महासचिव, साहित्यकार एवं पर्यावरणप्रेमी राकेश शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और संस्कृति की रक्षा का संदेश भी देता है. पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं और हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं.
ऐसे में रक्षाबंधन पर वृक्षों की रक्षा का संकल्प लेना जरूरी है. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में आदिकाल से प्रकृति और वृक्षों को विशेष सम्मान दिया जाता रहा है.
'एक राखी-एक पेड़' मुहिम प्रेरणादायक पहल: सरदार भाई वीर सिंह
सरदार भाई वीर सिंह ने कहा कि जिस प्रकार भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है, उसी प्रकार हमें प्रकृति की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने ‘एक राखी–एक पेड़’ मुहिम को प्रेरणादायक पहल बताया.
पेड़-पौधों के बिना जीवन संभव नहीं
कृषि विभाग के किसान समन्वयक कुंदन कुमार ने कहा कि पेड़-पौधों के बिना पृथ्वी पर जीवन संभव नहीं है. वहीं शंखनाद के सक्रिय सदस्य मो. फरद्दीन अंसारी ने संत कबीर के पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों का उल्लेख किया.
कार्यक्रम में कई साहित्यकार और समाजसेवी रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में शुभम कुमार शर्मा, कमल प्रभाकर, मो. गजाफी, धीरज कुमार, विजय कुमार, प्रमोद पंडित, निरंजन कुमार, विकास कुमार और आशीष कुमार सहित दर्जनों लोग मौजूद थे.
