Police Didi Abhaya Brigade (निरंजन कुमार) : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से नालंदा पुलिस ने पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर ‘पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)’ पहल की शुरुआत की है. जिला मुख्यालय बिहारशरीफ स्थित पुलिस केंद्र से शुक्रवार को महिला पुलिसकर्मियों को इस अभियान के तहत रवाना किया गया. लाइन डीएसपी श्याम किशोर रंजन ने हरी झंडी दिखाकर अभया ब्रिगेड को रवाना किया.
स्कूल, कॉलेज और संवेदनशील हॉटस्पॉट इलाकों में रहेगी विशेष निगरानी
इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ पुलिस के प्रति उनके विश्वास को मजबूत करना है.
अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मी स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल सहित ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखेंगी, जहां महिलाओं एवं छात्राओं की आवाजाही अधिक रहती है. इसके अलावा सुनसान, संवेदनशील और चिन्हित हॉटस्पॉट वाले इलाकों में भी नियमित गश्ती की जाएगी.
छेड़खानी और महिला उत्पीड़न पर होगी तत्काल कार्रवाई
लाइन डीएसपी श्याम किशोर रंजन ने बताया कि छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी, महिला उत्पीड़न, हिंसा अथवा अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
महिला पुलिसकर्मी छात्राओं एवं महिलाओं को आपातकालीन सेवा 112 के बारे में जागरूक भी करेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर वे तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें.
स्कूल-कॉलेजों में जाकर छात्राओं से सीधे संवाद करेगी 'पुलिस दीदी'
‘पुलिस दीदी’ स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर छात्राओं और शिक्षकों से सीधे संवाद करेंगी तथा उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी लेंगी.
जरूरत पड़ने पर मौके पर सहायता पहुंचाने के साथ संबंधित थाना और 112 की टीम को भी सूचना दी जाएगी.
हरी झंडी दिखाने के दौरान पुलिस केंद्र में कई अधिकारी रहे मौजूद
बिहारशरीफ पुलिस केंद्र से अभया ब्रिगेड की रवानगी के इस मौके पर सार्जेंट राजमणि समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी मौजूद थे.
