Biharsharif E Registration : बिहार सरकार द्वारा लागू की गई ई-निबंधन की व्यवस्था को आम लोगों के लिए अधिक सुगम और प्रभावी बनाने को लेकर शुक्रवार को समाहर्त्ता-सह-जिला निबंधक, नालंदा की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई.
बैठक में जिला अवर निबंधक, नालंदा एवं अवर निबंधक, राजगीर उपस्थित रहे. बैठक में ई-निबंधन की प्रक्रिया, इसके लाभ और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई.
ऑनलाइन प्रविष्टि और डिजिटल हस्ताक्षर से पूरी होगी पारदर्शी प्रक्रिया
समाहर्त्ता-सह-जिला निबंधक ने बताया कि ई-निबंधन पोर्टल के माध्यम से पक्षकार स्वयं अपने दस्तावेज की प्रविष्टि कर सकते हैं. इसके बाद विक्रेता, क्रेता एवं पहचानकर्ता के डिजिटल हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी कर अपनी सुविधानुसार अपॉइंटमेंट लिया जा सकता है.
ई-निबंधन की व्यवस्था में दस्तावेज से किसी प्रकार की छेड़छाड़ की संभावना नहीं रहती है और पूरी प्रक्रिया डिजिटल तथा पारदर्शी तरीके से संपन्न होती है.
निबंधन के बाद मिलेगी वैध हार्ड कॉपी, क्यूआर कोड से होगी जांच
समाहर्त्ता ने बताया कि ई-निबंधन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कार्यालय द्वारा पक्षकार को दस्तावेज की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जाती है, जो पूर्ण रूप से वैध दस्तावेज होती है. दस्तावेज में अंकित क्यूआर कोड के माध्यम से उसमें दर्ज जानकारी को भविष्य में कभी भी प्राप्त किया जा सकता है. इससे दस्तावेज की प्रामाणिकता की जांच भी आसानी से की जा सकती है.
'मे आई हेल्प यू' बूथ पर प्रतिनियुक्त होंगे दक्ष कर्मी, मिलेगी हर संभव सहायता
बैठक में समाहर्त्ता-सह-जिला निबंधक ने निबंधन कार्यालयों में संचालित ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बूथ पर दक्ष कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर आम लोगों को ई-निबंधन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाए तथा इच्छुक पक्षकारों को ई-निबंधन कराने में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए. उ
न्होंने निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले पक्षकारों को प्रविष्टि, डिजिटल हस्ताक्षर व अपॉइंटमेंट लेने में आवश्यक सहयोग दिया जाए.
नालंदा, राजगीर और हिलसा में ई-निबंधन से 41 दस्तावेज हुए निबंधित
बैठक में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बीते तीन अगस्त से अब तक जिला निबंधन कार्यालय नालंदा में 15, राजगीर में 12 तथा हिलसा में 14 दस्तावेज ई-निबंधन के माध्यम से निबंधित किए जा चुके हैं.
Also Read : सितंबर में 18 ट्रेनें रहेंगी रद्द, गया-पटना समेत कई रूट की ट्रेनों का बदलेगा रूट; देखें पूरी लिस्ट
इस तरह तीनों निबंधन कार्यालयों में अब तक कुल 41 दस्तावेज ई-निबंधन से निबंधित हुए हैं. अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में इसके माध्यम से होने वाले निबंधनों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है.
