नालंदा में नौ नए डिग्री कॉलेजों की तैयारी तेज, ‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य’ योजना को लेकर प्रशासन सक्रिय

Bihar Sharif News : नालंदा में नए डिग्री महाविद्यालयों के संचालन को लेकर डीएम का सख्त निर्देश. नीचे पढ़िए पूरी खबर.

बिहारशरीफ से कंचन की रिपोर्ट
Bihar Sharif News : मुख्यमंत्री के सात निश्चय-3 (2025-30) के चौथे निश्चय “उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य” के तहत नालंदा जिले के कॉलेजविहीन प्रखंडों में स्थापित किए जाने वाले नौ नए डिग्री महाविद्यालयों के संचालन की दिशा में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. बुधवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में चिन्हित शिक्षण संस्थानों के जीर्णोद्धार, आवश्यक निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई. बैठक में जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं चिन्हित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि महाविद्यालयों के संचालन की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं.

समय पर नामांकन शुरू कराने के लिए प्रशासन ने तेज की तैयारियां

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके अपने प्रखंड में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है. इसलिए भवन, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पेयजल, शौचालय और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए. उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में अस्थायी रूप से डिग्री महाविद्यालयों का संचालन किया जाना है, वहां उपलब्ध भवनों, वर्गकक्षों एवं अन्य संसाधनों का आकलन कर आवश्यक निर्माण, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए. सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित अवधि के भीतर तैयारी पूरी करें, ताकि समय पर महाविद्यालयों में नामांकन एवं शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कराई जा सकें.

इन नौ प्रखंडों में संचालित होंगे नए डिग्री महाविद्यालय

बैठक में बताया गया कि जिले के नौ कॉलेजविहीन प्रखंडों में निम्नलिखित शिक्षण संस्थानों को डिग्री महाविद्यालय संचालन के लिए चिन्हित किया गया है-

रहुई – श्री बालेश्वर प्रसाद +2 उच्च विद्यालय, पतासंग.
नूरसराय – उच्च विद्यालय, नूरसराय.
बिंद – मध्य विद्यालय, उत्तरथू.
नगरनौसा – मगध विद्यापीठ उच्च विद्यालय, लोदीपुर, उस्मानपुर.
कतरीसराय – टेकनारायण +2 उच्च विद्यालय, वादी, कतरीसराय.
थरथरी – मध्य विद्यालय, भतहर.
करायपरशुराय – मध्य विद्यालय, मखदुमपुर.
परवलपुर – मध्य विद्यालय, नेहुआपर.
सरमेरा – उच्च विद्यालय, गोपालबाद, प्राणवा (पीएम श्री विद्यालय)

छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर सुविधाओं पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संस्थानों में छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग स्वच्छ एवं सुसज्जित शौचालय, शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, परिसर की साफ-सफाई, भवनों का रंग-रोगन तथा सुरक्षित एवं आकर्षक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि महाविद्यालयों के नियमित संचालन के लिए आवश्यक फर्नीचर, डेस्क-बेंच, स्टेशनरी सामग्री, कार्यालयी संसाधन तथा अन्य शैक्षणिक उपकरणों की उपलब्धता भी शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि कक्षाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. बैठक में प्रभारी उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, सभी चिन्हित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे. समीक्षा के दौरान सभी अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध तरीके से निर्माण एवं विकास कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया.

Also Read : इस्लामपुर लूटकांड का 30 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, दो शातिर अपराधी दबोचे गए, लूटी गई बाइक व पल्सर भी बरामद

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >