नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉ. पंकज कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रखंड स्तर पर संचालित विभिन्न विभागों एवं सरकारी योजनाओं की प्रगति की बारी-बारी से समीक्षा की गई.
इस दौरान लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को दिया गया.
आवास योजना और अन्य कर्मियों के कार्यों की समीक्षा
बैठक के प्रथम चरण में आवास सहायकों एवं आवास पर्यवेक्षकों के साथ समीक्षा की गई. बीडीओ ने आवास योजना से संबंधित लंबित कार्यों की जानकारी ली और शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए. इसके बाद कार्यपालक सहायकों के साथ बैठक कर उनके कार्यों की समीक्षा की गई. वहीं पंचायत सचिव, अकाउंटेंट एवं अन्य संबंधित कर्मियों के साथ बैठक में विभिन्न पंचायतों में चल रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई.
बीडीओ ने सभी कर्मियों को योजनाओं से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.
स्वच्छता व्यवस्था और अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई
बैठक के अंतिम चरण में स्वच्छता पर्यवेक्षकों के साथ स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की गई. इस दौरान पैदल रिक्शा की मरम्मती, नियमित रूप से कचरा उठाव एवं यूजर चार्ज के संग्रहण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
बीडीओ ने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और पंचायतों में नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. बैठक में अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध शो-कॉज की कार्रवाई की गई.
Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी
कर्तव्यों के प्रति सख्ती और उपस्थित अधिकारी
बीडीओ डॉ. पंकज कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी अधिकारी और कर्मी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा लंबित कार्यों को समय पर पूरा करें. बैठक में आवास पर्यवेक्षक रविकर कुमार, प्रखंड समन्वयक रणधीर कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
