Nalanda News : (रणजीत सिंह) बिहारशरीफ के मॉडल सदर अस्पताल में बन रहे नए आईसीयू वार्ड को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है. मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों, नर्सों, वार्ड अटेंडेंट और सफाईकर्मियों के लिए अलग-अलग रंग का ड्रेस कोड तय किया है. 16 जून से शुरू होने वाले इस अत्याधुनिक आईसीयू वार्ड में स्टाफ अब निर्धारित रंग की वर्दी में नजर आएगा.
ICU में अब रंगों से होगी स्टाफ की पहचान
मॉडल सदर अस्पताल के चार बेड वाले नए आईसीयू वार्ड में मरीजों की सुविधा और बेहतर प्रबंधन के लिए अलग-अलग श्रेणी के कर्मचारियों के लिए अलग रंग की ड्रेस निर्धारित की गई है. इससे मरीज और उनके परिजन आसानी से पहचान सकेंगे कि कौन डॉक्टर है, कौन नर्स है और किससे किस काम के लिए संपर्क करना है.
डॉक्टर हरे, नर्स पिंक और अटेंडेंट आसमानी ड्रेस में दिखेंगे
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि आईसीयू में डॉक्टर हरे रंग की ड्रेस पहनेंगे. वहीं एएनएम और नर्सिंग स्टाफ पिंक रंग की ड्रेस में नजर आएंगे. वार्ड अटेंडेंट के लिए आसमानी रंग और सफाईकर्मियों के लिए नीले रंग की ड्रेस तय की गई है.
16 जून से शुरू हो सकता है नया ICU वार्ड
सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो गईं तो नया आईसीयू वार्ड 16 जून से मरीजों के लिए शुरू कर दिया जाएगा. यह वार्ड गंभीर और क्रिटिकल मरीजों के इलाज के लिए समर्पित होगा.
बैठक में तैयारियों की हुई समीक्षा
जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम श्याम कुमार निर्मल ने आईसीयू वार्ड की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की. बैठक में अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन, हेल्थ मैनेजर मोहम्मद इमरान, एकाउंटेंट सुरजीत कुमार समेत कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
ड्रेस कोड से बढ़ेगा अनुशासन और सुरक्षा
हेल्थ मैनेजर मोहम्मद इमरान ने बताया कि ड्रेस कोड लागू होने से आईसीयू में अनुशासन बनाए रखने में मदद मिलेगी. साथ ही संक्रमण नियंत्रण और कार्य प्रणाली को बेहतर बनाने में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान होगा. अलग-अलग रंगों की पहचान से मरीजों और उनके परिजनों का भरोसा भी बढ़ेगा.
अत्याधुनिक मशीनों से लैस होगा नया ICU
अस्पताल प्रशासन के अनुसार नए आईसीयू वार्ड में मल्टी-पैरा मॉनिटर, वेंटिलेटर, डिफाइब्रिलेटर, ईसीजी मशीन और पल्स ऑक्सीमीटर जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इससे गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा.
अब गंभीर मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि नए आईसीयू वार्ड के शुरू होने से नालंदा जिले के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्टाफ के साथ यह वार्ड मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा.
Also Read : बेगूसराय में गर्मी का रेड अलर्ट, आज 41 डिग्री के करीब पहुंचेगा पारा, दिनभर झुलसेंगे लोग
