नालंदा में दिनदहाड़े 6 अपराधियों ने घेरकर युवक को मारी गोली, हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

नालंदा के खोदागंज में सोमवार को एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. खेत से ट्रैक्टर लाने निकला युवक रास्ते में घात लगाए अपराधियों का शिकार हुआ. पुलिस पुरानी रंजिश की आशंका जता रही है.

नालंदा के खोदागंज थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. सेरथुआ खुर्द गांव के समीप घात लगाए बैठे हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक को घेरकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक की पहचान सेरथुआ खुर्द गांव निवासी देवनंदन पासवान के 26 वर्षीय पुत्र सन्नी पासवान उर्फ सूरज कुमार के रूप में हुई है

घटना की सूचना मिलते ही हिलसा-इस्लामपुर डीएसपी कुमार ऋषि राज एवं खोदागंज थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार गहलोत घटनास्थल पर पहुंचकर जख्मी युवक को इलाज के लिए इस्लामपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरकारी अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सक ने जख्मी युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया.

घर से ट्रैक्टर लाने के लिए निकला था युवक, रास्ते में घात लगाए बैठे थे अपराधी

घटना के संबंध में मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि मृतक सन्नी पासवान उर्फ सूरज कुमार सोमवार की सुबह 11 बजे अपने घर से खोदागंज थाना क्षेत्र के पत्तिविगहा गांव से कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर लाने की बात कहकर निकला था.

मृतक युवक ट्रैक्टर लाने के लिए अपने घर से पत्तिविगहा गांव जा ही रहा था, कि रास्ते में गांव के पास ही पूर्व से घात लगाकर बैठे आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े युवक को घेरकर सिर एवं पैर में गोली मारकर हत्या कर दी.

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, डीएसपी ने कही जांच की बात

घटना के संबंध में डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बताया कि घटना की बारीकी से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि किन कारणों से अपराधियों ने युवक की हत्या की है.

फिलहाल पुलिस ने मृतक युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर बिहारशरीफ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मृतक युवक सन्नी पासवान उर्फ सूरज कुमार की पत्नी ममता देवी एवं भाई रिंकू कुमार ने हत्या का आरोप गांव के ही कुछ लोगों पर लगाया है.

परिजनों ने लगाया पुरानी रंजिश का आरोप

परिजनों ने बताया कि उन लोगों से पहले से विवाद चला आ रहा था. मृतक युवक की पत्नी ममता देवी ने बताया कि इन्हीं लोगों ने मिलकर उनके पति की गोली मारकर हत्या कर दी है.

हालांकि मामला जो भी हो, दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम है.

Also Read : सीएम सम्राट चौधरी ने नालंदा डेयरी को दी 26 करोड़ की सौगात, दही-लस्सी प्लांट समेत कई योजनाओं का किया शिलान्यास


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >