बिहारशरीफ में गृह रक्षा वाहिनी परीक्षा की तैयारी पूरी, 12,696 अभ्यर्थी होंगे शामिल; 30 मिनट पहले बंद होगा प्रवेश

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा अधिनायक अनुदेशक पद के लिए लिखित परीक्षा 29 जुलाई को आयोजित की जाएगी. सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें 10:30 बजे के बाद प्रवेश वर्जित रहेगा.

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना की ओर से गृह विभाग (विशेष शाखा) के अंतर्गत बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक पद पर नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाली लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर सोमवार को अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई.

बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता रंजन कुमार चौधरी ने की. उन्होंने केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कदाचारमुक्त वातावरण में कराने का निर्देश दिया.

अपर समाहर्ता ने कहा कि सभी अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी सतर्कता, जवाबदेही और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें. किसी भी परिस्थिति में परीक्षा की निष्पक्षता से समझौता नहीं होना चाहिए और कदाचार की किसी भी संभावना को सख्ती से रोकना होगा.

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को लिखित परीक्षा एकल पाली में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित होगी. इसके लिए बिहारशरीफ जिला मुख्यालय में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 12,696 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.

सुबह 9.30 बजे तक रिपोर्टिंग, 10.30 बजे के बाद प्रवेश वर्जित

परीक्षार्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 9.30 बजे निर्धारित किया गया है.

आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पहले, यानी सुबह 10.30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे समय पर परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर सकें.

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह रोक

परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त बनाने के लिए आयोग ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल डायरी, पामटॉप, पीडीए, कैलकुलेटर, क्लिप बोर्ड, स्लाइड रूल, पेन के अलावा किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी.

इसके अलावा प्रवेश पत्र पर अतिरिक्त लिखावट, सादा कागज, मार्कर, व्हाइट फ्लूइड, ब्लेड और इरेजर भी प्रतिबंधित रहेंगे. यदि किसी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाई गई तो आयोग के नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

प्रेक्षक, दंडाधिकारी और पुलिस बल की चाक-चौबंद तैनाती

परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक केंद्र प्रेक्षक, दो-दो स्टैटिक दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है.

इसके अतिरिक्त संपूर्ण परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 38 स्टैटिक दंडाधिकारी, 09 जोनल दंडाधिकारी-सह-गश्ती दल दंडाधिकारी तथा 04 वरीय पदाधिकारी उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं. ये अधिकारी लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन पर कड़ी नजर रखेंगे.

नियंत्रण कक्ष स्थापित और टोल-फ्री नंबर जारी

परीक्षा से संबंधित शिकायतों और सूचनाओं के त्वरित निष्पादन के लिए जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है.

इसके लिए टोल-फ्री नंबर 18003456323 जारी किया गया है.

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) को नियंत्रण कक्ष का वरीय प्रभारी बनाया गया है. नियंत्रण कक्ष में सुरक्षित दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.

500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा और वीडियोग्राफी

प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों को 09 जोन में विभाजित किया है और प्रत्येक जोन के लिए अलग-अलग जोनल दंडाधिकारी नियुक्त किए गए हैं.

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर लगातार वीडियोग्राफी कराई जाएगी. साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी, ताकि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो.

जिला प्रशासन ने परीक्षा के दिन शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो.

Also Read : सीएम सम्राट चौधरी ने नालंदा डेयरी को दी 26 करोड़ की सौगात, दही-लस्सी प्लांट समेत कई योजनाओं का किया शिलान्यास


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >