Bihar Weather Today: बिहार में मॉनसून की एंट्री हो चुकी है. कुछ जिलों को मॉनसून ने पूरी तरह से कवर कर लिया है जबकि कुछ जिलों में प्री-मॉनसून की गतिविधियां देखी जा रही हैं. इस बीच आज मौसम विभाग की ओर से पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया गया है. तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश, बादल चमकने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. ऐसे मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
इन जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली और समस्तीपुर शामिल है. जबकि जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका शामिल है.
2 से 3 दिनों में हो सकती है मॉनसून वाली बारिश
अभी आधे बिहार में मॉनसून पूरी तरह पहुंच गया है. लेकिन मॉनसून की रफ्तार को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से यह संभावना जताई गई है कि अगले दो से तीन दिनों में पूरे बिहार में मॉनसून वाली बारिश होगी. इसके साथ ही जिन 17 जिलों में मॉनसून पहुंच चुका है, उनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, बांका, बेगूसराय, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर और भागलपुर शामिल है.
पटना में मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी पटना में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. कई इलाकों में बारिश तो कई इलाकों में बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. बारिश की वजह से लोगों को उमस वाली गर्मी से राहत मिल सकेगी. अधिकतम तापमान में गिरावट हो सकेगी.
शुक्रवार को अलग-अलग जिलों का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, भभुआ में सबसे अधिक 39.9 डिग्री, डेहरी में 38.8, अरवल में 35.3, जहानाबाद में 35.4, राजगीर में 36, जीरादेई में 35.7, औरंगाबाद में 37.6, छपरा में 36.8, शेखपुरा में 36.9, पटना में 35.6 और गयाजी में 37.5 डिग्री दर्ज किया गया.
Also Read: विकास के नए मानक गढ़ रहा बिहार, 20 साल में 13 गुना बढ़ी आय, गरीबी घटाने में देश में बना नंबर-1
