Bihar Weather Alert: बिहार में भीषण गर्मी के साथ उमस लोगों को झेलना पड़ रहा है. दोपहर होते-होते घर से निकलना मुश्किल हो रहा. ऐसे में आज राज्य के 14 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने इन 14 जिलों में तेज हवा चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई है.
मौसम विभाग की माने तो, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली और समस्तीपुर में मौसम बिगड़ा रह सकता है. लेकिन इसके अलावा बाकी के 24 जिलों में आज भी गर्मी और उमस से लोग परेशान रहेंगे.
बिहार में 42 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
बिहार में तापमान को लेकर मौसम विभाग की ओर से संभावना जताई गई है कि अधिकतर जिलों में 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रह सकता है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं भी झेलनी पड़ सकती है. लेकिन सुबह और रात के समय लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है. इसके साथ ही मॉनसून के अगले सप्ताह तक बिहार में पहुंचने की पूर्वानुमान है.
पटना में मौसम का हाल
पटना में लोगों को प्री मॉनसून बारिश के लिए अभी कुछ और दिनों का इंतजार करना पड़ सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार पटना में 10 जून से बारिश होने की संभावना है. बारिश 13 जून तक जारी रह सकता है. एक दिन की मामूली राहत के बाद रविवार को तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई.
शहर का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. सोमवार को भी मौसम में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. आंशिक बादल छाने और तेज धूप से कुछ राहत मिलने के बावजूद नमी के कारण उमस बनी रहेगी. लोगों को फिलहाल राहत नहीं मिलेगी.
Also Read: बिहार के सरकारी अफसरों को मिला ‘पिकनिक’ का सरकारी टास्क, हर 3 महीने में परिवार संग घूमना अनिवार्य
