Bihar Sugar Mill Plan: बिहार को नए काम-धंधों का बड़ा केंद्र बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में बिहार के गन्ना विभाग ने देश और दुनिया के बिजनेसमैन के सामने 'बिहार गन्ना निवेश नीति-2026' की जानकारी रखी.
25 नई चीनी मिलों का बड़ा प्लान
गन्ना मंत्री संजय कुमार ने बताया कि बिहार सरकार ने राज्य में 25 नई चीनी मिलें और गन्ने से जुड़ी दूसरी नई फैक्ट्रियां लगाने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने कहा कि गन्ना बिहार की खेती और अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव है.
नया काम शुरू करने पर जमीन की गारंटी
9 और 10 सितंबर को हुए इस सम्मेलन में बिहार के अधिकारी वेदव्रत कुमार ने बिजनेसमैन को राज्य में काम शुरू करने के फायदों के बारे में बताया. उन्होंने भरोसा दिया कि जो भी बिजनेसमैन नया काम शुरू करने का प्रस्ताव लाएगा, उसे जमीन देने और प्रोजेक्ट की मंजूरी दिलाने में सरकार सबसे पहले मदद करेगी.
एथेनॉल और बायो-एनर्जी से खुलेंगे नए रास्ते
सरकार का ध्यान सिर्फ चीनी बनाने तक सीमित नहीं है. गन्ने से एथेनॉल, बिजली बनाने और बायो-एनर्जी से जुड़ी नई फैक्ट्रियों को बढ़ावा दिया जा रहा है. इससे राज्य में युवाओं के लिए रोजगार और कमाई के नए रास्ते खुलेंगे. इसके अलावा किसानों की मदद के लिए खाद-बीज और नई मशीनों से जुड़ी योजनाएं भी चलाई जा रही हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
बिहार के स्टॉल पर उमड़ी बिजनेसमैन की भीड़
कार्यक्रम स्थल पर बिहार सरकार की तरफ से एक खास स्टॉल भी लगाया गया था. यहां आने वाले बिजनेसमैन को बिहार की नई नीति और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई. विभाग के अनुसार, कई बड़े बिजनेसमैन ने बिहार में पैसा लगाने और नई फैक्ट्रियां खोलने में अच्छी रुचि दिखाई है.
देश-विदेश के दिग्गजों ने बांटे अनुभव
इस सम्मेलन में देश-विदेश की बड़ी कंपनियों के विशेषज्ञों ने भी चीनी बाजार और गन्ने की आधुनिक खेती पर अपने अनुभव बांटे. यह पूरा आयोजन भारत सरकार और शुगर एसोसिएशन के सहयोग से किया गया था. इसका उद्घाटन केंद्रीय सचिव संतोष कुमार सारंगी ने किया.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने मुंगेर से दबाया बटन, सीधे 1.05 करोड़ लोगों के अकाउंट में आए 1100 रुपये, ऐसे चेक करें अपना बैलेंस
