Bihar Student Protest : PUSU प्रेसिडेंट समेत 45 अरेस्ट, दरभंगा-कटिहार समेत आठ जिलों में प्रदर्शन, पत्थरबाजी और लाठीचार्ज

पटना साइंस कॉलेज गेट पर तैनात पुलिसकर्मी. फोटो - प्रभात खबर.
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में प्रदर्शनकारी छात्रों का मामला गूंजा. भाजपा नेताओं ने चौंकाने वाले आरोप लगाते हुए कहा कि डाकबंगला चौराहे पर उनकी जान लेने की कोशिश की गई थी.
जहानाबाद में प्रदर्शन के दौरान फायरिंग
प्रदर्शन के दौरान जहानाबाद में गोली चलने की खबरें भी सामने आ रही हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात पर काबू पाने के दौरान कई राउंड फायरिंग की आवाजें सुनी गईं. हालांकि, जिला प्रशासन या पुलिस की ओर से फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
पटना SSP ने 60 तस्वीरें जारी की
बुधवार को हुए हंगामे को लेकर पटना SSP कार्यालय की ओर से 60 लोगों की तस्वीरें जारी की गई हैं. पुलिस ने जनता से इनकी पहचान करने की अपील की है.
पटना में 21 केस दर्ज, पीयू प्रेसिडेंट समेत 45 गिरफ्तार
बुधवार को राजधानी पटना में हुए प्रदर्शन मामले में अलग-अलग थानों में कुल 21 केस दर्ज किए गए हैं. इनमें सबसे अधिक कोतवाली थाना में छह और गांधी मैदान थाना में तीन केस दर्ज हुए हैं. खास बात है कि इनमें 10 केस आम लोगों ने तोड़-फोड़ मारपीट के मामलों में दर्ज कराए हैं. इसके साथ ही पुलिस ने पीयु प्रेसिडेंट शांतनु शेखर सहित 45 लोगों को गिरफ्तार किया है व आधा दर्जन से अधिक छात्र हिरासत में हैं, जिनकी संलिप्तता का सत्यापन किया जा रहा है.
अनंत सिंह ने भी प्रदर्शन पर दी प्रतिक्रिया
छात्रों के प्रदर्शन के मामले पर मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कहा है कि इस तरह से नहीं मारना चाहिए था.
मुंगेर में भी छात्रों ने निकाला विरोध मार्च
मुंगेर में गुरुवार को छात्र आरडी एंड डीजे कॉलेज के समीप एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए विशाल मार्च निकाला. प्रदर्शन में शामिल छात्र अपने हाथों में तिरंगा के साथ महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद की तस्वीरें लिए हुए थे. छात्रों का जुलूस आरडी एंड डीजे कॉलेज से शुरू होकर अंबे चौक, गोला रोड, कस्तूरबा वाटर वर्क्स चौक, भगत सिंह चौक, एक नंबर ट्रैफिक होते हुए किला के मुख्य द्वार से शहीद स्मारक पहुंचा. आमतौर पर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा. हालांकि किला द्वार के पास कुछ सरकारी पोस्टर फाड़े गए शहीद स्मारक पर हुई सभा के दौरान पहुंचे एसपी की ओर पानी भरी बोतल फेंकी गई. यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...
पटना में 117 प्रदर्शनकारियों की तस्वीरें जारी
पटना में बुधवार को हुए प्रदर्शन में शामिल 117 लोगों की तस्वीरें जारी की गई हैं. हालांकि अभी यब पुष्टि नहीं है कि इन्हें किसने जारी किया है. मीडिया से संबंधित विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुपों में इसे प्रसारित किया जा रहा है. इससे पहले पटना पुलिस ने बुधवार से अब तक कुल 46 छात्रों व अन्य लोगों को हिरासत में लिया है. साथ ही 500 अज्ञात के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.
जन सुराज ने आंदोलनकारी युवाओं को दिया समर्थन
जन सुराज पार्टी नेता व पूर्व एमएलसी रामबली चंद्रवंशी ने कहा है कि बुधवार को सत्ता व पुलिस की बर्बरता गांधी मैदान के पास दिखी, उसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है। ये सरकार संवाद करना नहीं चाहती, तानाशाही हुकूमत थोपना चाहती है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाना चाहिए था, आखिर इस व्यक्ति के रहते बार-बार प्रश्न पत्र लीक हो रहे हैं, ऐसे में व्यवस्था में कमी है. ऐसा करने की बजाय छात्रों पर जिस तरह बर्बरता हुई, लाठी चलाई गई उसे देख अंग्रेजों का शासन भी इसके सामने कम है. पटना की सड़कों पर आंदोलन कर रहे हजारों युवाओं की मांगों के साथ जन सुराज है. वहीं उनपर हुए लाठीचार्ज की पार्टी निंदा करती है.
लेफ्ट पार्टियों ने सरकार को घेरा
पटना में लेफ्ट पार्टियों ने प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्र व बिहार सरकार को घेरा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस साल में 152 पेपर लीक हुआ है. किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इसके साथ ही बिहार के छात्र भी फीस की बढ़ोतरी से परेशान हैं. इन्हीं मुद्दों को लेकर छात्रों का आक्रोश फूटा है.
पटना समेत साल जिलों में छात्रों का प्रदर्शन
बिहार में आज नीट लीक और केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कई जिलों में प्रदर्शन हुआ है. राजधानी पटना में छह छात्र हिरासत में भी लिए गए हैं. इसके अलावा कटिहार, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, वैशाली और दरभंगा में भी प्रदर्शन हुआ है. कई जगहों पर पत्थरबाजी और लाठीचार्ज भी हुआ है.
वैशाली में पीएम का पुतला दहन
वैशाली के विदुपुर और महुआ में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ है. संत कबीर महंत राम दयाल दास महाविद्यालय परिसर से शुरू हुआ मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए बिदुपुर प्रखंड मुख्यालय पहुंचा. इस दौरान छात्रों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा नीट परीक्षा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. यहां क्लिक कर पूरी खबर पढ़ें... वहीं महुआ में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन द्वारा प्रतिरोध मार्च निकालकर गांधी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया. इस दौरान छात्र नेताओं ने दिल्ली और पटना में आंदोलनकारियों पर की गई बर्बरता पूर्ण लाठीचार्ज का विरोध जताते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की.
वीडियो में देखिए, बिहार विधानसभा में भिड़े पक्ष-विपक्ष के नेता
बिहार विधानसभा में छात्रों के प्रदर्शन के मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष के बीच विवाद का वीडियो सामने आया है. सदन में BJP विधायक छात्रों को हमलावर, अपराधी और गुंडा बताते दिखे हैं. इस बयान को लेकर सदन के भीतर महागठबंधन के MLA और BJP विधायक के बीच तीखी बहस हुई है.
पटना में भाजपा की प्रेस कांफ्रेंस, विपक्ष को घेरा
इधर पटना में BJP प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छात्र आंदोलन पर विपक्ष को घेरा है. उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्या की चिंता है. लेकिन विपक्ष अराजकता फैला रहा है. पटना बवाल में चिन्हित लोगों का शिक्षा से संबंध नहीं है.
पटना में आज छह छात्र पुलिस हिरासत में
पटना कॉलेज के पास आज प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छह छात्रों को हिरासत में लिया है. पटना यूनिवर्सिटी में अभी भी रूक-रूक कर छात्र प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि मौजूद पुलिस बल उन्हें हटा रहे हैं. इससे पहले पटना में बुधवार को हुए प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने 500 अज्ञात छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज की है. कल के प्रदर्शन को लेकर कुल 40 छात्रों को पुलिस हिरासत में लिया गया है. यहां क्लिक कर पूरी खबर पढ़ें...
कटिहार में पत्थरबाजी के बाद पुलिस का लाठीचार्ज
कटिहार जिले के कलेक्ट्रेट गेट पर भी प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ पुलिस की झड़प हुई है. पत्थरबाजी भी की गई है. इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया है.
बेगूसराय में छात्रों का उग्र प्रदर्शन
बेगूसराय में प्रदर्शनकारी छात्रों ने समाहरणालय पर पहुंचकर हंगामा किया है. पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र समाहरणालय के गेट पर चढ़ गए. इससे पहले छात्रों ने शहर के कैंटीन चौक पर जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया. प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित छात्रों ने आसपास लगे कई बैनर और पोस्टर भी फाड़ दिए. छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.
राजद ने कहा - जिन छात्रों को सरकार गुंडा कह रही, वही सरकार बनाते-गिराते हैं
इस पूरे घटनाक्रम पर राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा है कि सरकार से जुड़े मंत्री-विधायक सदन में छात्रों को गुंडा बोल रहे हैं. वो भूल रहे हैं कि यही छात्र सरकार बनाते और गिराते हैं. भाजपा वालों ने खुद ही जाकर कांग्रेस कार्यालय के बाहर मारपीट की है.
पटना के प्रदर्शन में दिखा अनोखा नजारा
पटना कॉलेज के पास हुए प्रदर्शन में आज एक अनोखा नजारा भी दिखा. छात्रों के हाथों में प्रधानमंत्री का पोस्टर था. वो पीएम के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, लेकिन साथ ही बिहार पुलिस जिंदाबाद भी बोल रहे थे. प्रभात खबर के इंस्टा पर यह पोस्ट देखिए...
विधानसभा और विधान परिषद में हंगामा, दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित
छात्र प्रदर्शन और नेताओं पर हमले को लेकर आज बिहार विधानसभा के दोनों सदनों में हंगामा हुआ. इसकी वजह से विधानसभा की कार्यवाही सिर्फ 8 मिनट और विधान परिषद की मात्र 15 मिनट ही चल सकी. डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने सदन में कहा कि आंदोलन जरूरी है लेकिन पटना में जिस तरह से विधायकों पर हमला हुआ है, वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
मंत्री अशोक चौधरी ने आंदोलनकारियों को बताया असामाजिक तत्व
पटना में हो रहे छात्रों-युवाओं के प्रदर्शन पर मंत्री अशोक चौधरी ने तीखा हमला किया है. उन्होंने आंदोलनकारियों को असामाजिक तत्व बताया है. कहा है कि सबकुछ प्लांटेड था. नेताओं पर भी हमला हुआ है. यह निंदनीय है.
मुजफ्फरपुर शहर में सुरक्षा बढ़ी, प्रमुख स्थानों पर अधिकारियों की तैनाती
छात्र आंदोलन को देखते हुए मुजफ्फरपुर शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों पर, खास कर विश्वविद्यालय परिसर में और आसपास के इलाकों में पुलिस और दंडाधिकारी की तैनाती की गयी है. डीएम और एसएसपी ने ज्वॉइंट ऑर्डर निकाल कर किसी तरह की कोई हंगामा और बवाल न हो इसके लिए सिटी एसपी और एसडीओ पूर्वी को जिम्मेदारी दी है.
पटना कॉलेज के बाहर पुलिस ने छात्रों को खदेड़ा
पटना कॉलेज के पास जुटे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों को वहां मौजूद सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया है. साथ ही कई छात्रों को पुलिस ने डिटेन भी किया है.
CM बोले - युवाओं के भविष्य के खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज सोशल मीडिया पर कहा है कि 'युवा हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत हैं. उनके सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना मोदी सरकार की गारंटी है.'
पटना कॉलेज गेट से निकला विरोध मार्च
पेपर लीक मामले को लेकर पटना कॉलेज गेट से सैकड़ों लोग पैदल मार्च के लिए निकले हैं. इनमें पटना यूनिवर्सिटी के शिक्षक, छात्र व अन्य सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल हैं. सभी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
बसपा विधायक 48 घंटे के लिए धरने पर बैठे
बिहार में बसपा के एकमात्र विधायक सतीश यादव सदन में 48 घंटे के लिए धरने पर बैठ गए हैं. उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सरकार संवाद नहीं करना चाह रही है. सदन में बातों को नहीं सुना जाएगा तो मजबूर होकर हम धरने पर बैठे हैं. उन्होंने सवाल किया कि गलती करने पर सभी जगह कार्रवाई होती है. राजनीति में ऐसा क्यों नहीं होता?
शेखपुरा में सैकड़ों छात्रों का प्रदर्शन
शेखपुरा जिले में आज सैकड़ों छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिसिया लाठीचार्ज के विरोध में सड़क पर उतरे हैं. केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है. यह जुलूस शहर के गिरिहिंडा कच्ची रोड से शुरू हुआ और स्टेशन रोड होते हुए पटेल चौक पर पहुंचकर एक सभा में तब्दील हो गया. यहां क्लिक कर पूरी खबर पढ़ें...
विधानसभा में विपक्षी विधायकों का प्रदर्शन
इससे पहले आज बिहार विधानसभा में पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मामला भी उठा. महागठबंधन के नेता इसे लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने पोस्टरों पर लिख रहा है - ‘आंदोलनकारी छात्रों पर बर्बर पुलिस का लाठीचार्ज क्यों?’. इनमें RJD विधायक गौतम कृष्ण, कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन, रणविजय साहू सहित कई नेता शामिल हैं. सभी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
Bihar Student Protest : PUSU प्रेसिडेंट समेत 45 अरेस्ट, दरभंगा-कटिहार समेत आठ जिलों में प्रदर्शन, पत्थरबाजी और लाठीचार्ज
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन आज प्रदर्शनकारी छात्रों का मामला गूंजा. भाजपा नेताओं ने बुधवार को हुई घटनाओं को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. विधायक श्यामबाबू यादव ने कहा कि कल हम डाकबंगला चौराहे पर खड़े थे,अचानक हमपर हमला हुआ. वो अपराधी किस्म के लोग थे. वहां मेरी हत्या भी हो सकती थी.