Bihar STF Action: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुई करोड़ों रुपये के सोने और नकदी की हाईप्रोफाइल बैंक डकैती मामले में बिहार STF ने बड़ी कार्रवाई की है. जबलपुर पुलिस के साथ मिलकर चलाए गए संयुक्त अभियान में गया जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके पास से लूटा गया सोना और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं.
यह मामला जबलपुर जिले के खितौला का है. यहां हथियारबंद बदमाशों ने इसाफ बैंक की शाखा में दिनदहाड़े डकैती की थी. अपराधी बैंक से करीब 14.873 किलोग्राम सोने के आभूषण और 5 लाख रुपये से ज्यादा नकदी लूटकर फरार हो गए थे. इस बड़ी वारदात के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी.
गया में STF और SWAT टीम ने चलाया संयुक्त ऑपरेशन
जांच के दौरान इस डकैती के तार बिहार से जुड़े मिले. इसके बाद जबलपुर पुलिस ने बिहार STF से संपर्क किया. बिहार STF ने गया के इमामगंज थाना और बोधगया SWAT टीम के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाया. तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर मुख्य आरोपी सुनील पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ में मिला बड़ा सुराग
सुनील पासवान से पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों और लूटे गए सामान के बारे में अहम जानकारी मिली. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इमामगंज थाना क्षेत्र से श्रवण कुमार उर्फ छोटू महतो को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार वही लूटे गए सोने को ठिकाने लगाने का काम कर रहा था.
सोना, पिस्टल और कारतूस बरामद
श्रवण कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने बैंक से लूटा गया 349 ग्राम सोना बरामद किया. मुख्य आरोपी सुनील पासवान की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल या छिपाकर रखा गया एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
अंतरराज्यीय गिरोह की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह बैंक डकैती की वारदात के बाद दूसरे राज्यों में जाकर छिप जाता था और लूटे गए आभूषणों को धीरे-धीरे बाजार में बेचता था. बिहार STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से गिरोह की बड़ी साजिश पर रोक लगी है. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी और बाकी सोने की बरामदगी की जा सके.
इसे भी पढ़ें: तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी पर भड़की रोहिणी, तेजस्वी यादव बोले- कल तक रिहा करो वरना होगा आंदोलन
