पटना से मनोज कुमार की रिपोर्ट
Bihar Police Action: बिहार में कानून का शिकंजा कसने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया किया है. राज्य के सभी जिलों में गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों और वारंटियों की संपत्ति कुर्क करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है.
जिलों के एसपी को दिया गया ये आदेश
सभी एसपी को कोर्ट के आदेश और वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार रहने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने का आदेश पुलिस मुख्यालय ने दिया है. उनके खिलाफ बिना किसी देरी के कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ढोल-नगाड़े के साथ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
सभी थानों को टॉप-10 अपराधियों की लिस्ट अपडेट करने का निर्देश
सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्र के टॉप-10 और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों और वारंटियों की लिस्ट अपडेट करने को कहा गया है. पुलिस की विशेष टीमें कोर्ट से समन्वय बैठाकर फरार आरोपियों के खिलाफ इश्तहार और कुर्की का आदेश (वारंट) जल्द से जल्द हासिल कर रही हैं. कार्रवाई के तहत पुलिस फरार आरोपियों के घरों पर जाकर लाउड स्पीकर और ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कर रही है, ताकि समाज में अपराधियों के प्रति डर और कानून का इकबाल कायम हो सके.
अपराधियों को शरण देने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि या तो अपराधी खुद को कानून के हवाले कर दें, नहीं तो उनकी संपत्ति को जब्त कर सरकारी खजाने या कानूनी प्रक्रिया के तहत अटैच कर लिया जायेगा. अपराधियों को शरण देने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर है. इस अभियान के शुरू होने से राज्यभर के फरार अपराधियों और वारंटियों में हड़कंप मच गया है.
Also Read: बांकीपुर उपचुनाव: नॉमिनेशन से पहले आमने-सामने हुए जन सुराज और BJP के कार्यकर्ता, फिर क्या हुआ जानिए
