Bihar News: (मनोज मिश्रा और सुजीत कुमार सिंह) औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना इलाके के हसनबार गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब औरंगाबाद सांसद अभय कुशवाहा की गाड़ी पर हमला कर दिया गया. हमलावरों ने गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और सांसद के निजी सहायक (पीए) संजय कुमार और चालक नौलेश यादव उर्फ रौशन के साथ मारपीट की घटना में चालक को गंभीर चोटें आई हैं.
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय सांसद गाड़ी में मौजूद नहीं थे, लेकिन गाड़ी पर सांसद का बोर्ड लगा होने के कारण मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी गई.
शादी समारोह से लौटने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सांसद के पीए संजय कुमार सांसद की अनुपस्थिति में श्रीडीह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. वहां से उन्हें ताराडीह जाना था. इसी दौरान उनकी गाड़ी हसनबार गांव से होकर गुजर रही थी.
बताया जाता है कि गांव के पतले रास्ते में सामने से आ रही दूसरी गाड़ियों को साइड देने को लेकर कहासुनी शुरू हुई. चालक ने अपनी गाड़ी पीछे कर दूसरी गाड़ी को रास्ता दे दिया, लेकिन इसके बाद दूल्हा पक्ष की एक गाड़ी सांसद की गाड़ी के सामने खड़ी कर दी गई. इसी बात को लेकर माहौल अचानक गर्म हो गया.
देखते ही देखते मारपीट में बदल गया विवाद
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने सांसद की गाड़ी पर हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया. हमलावरों ने चालक नौलेश यादव के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया. बीच-बचाव करने पहुंचे सांसद के पीए संजय कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा.
पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ-2 चंदन कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आस-पास के लोगों से पूछताछ की. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे.
सांसद के पीए ने बताया कि हमला करने वाले तीन लोगों की पहचान कर ली गई है. इनमें हसनबार गांव निवासी रौशन कुमार, सोनू कुमार और सुधीर कुमार शामिल हैं. मामले को लेकर सांसद की गाड़ी के चालक की ओर से मदनपुर थाना में लिखित आवेदन देने की तैयारी की जा रही है.
मामले में सांसद ने क्या कहा?
घटना को लेकर सांसद अभय कुशवाहा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि वह फिलहाल पटना में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. उनकी अनुपस्थिति में उनके पीए क्षेत्र में शादी समारोहों में शामिल होने गए थे, तभी यह घटना हुई.
सांसद ने कहा कि उनकी गाड़ी पर सांसद का बोर्ड लगा होने के बावजूद हमला किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. उन्होंने कहा कि फिलहाल घटना के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है, लेकिन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने औरंगाबाद एसपी अंबरीश राहुल से फोन पर बात कर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
मामले में पुलिस ने क्या कहा?
सदर एसडीपीओ-2 चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बारात के दौरान गाड़ी साइड करने को लेकर विवाद की बात सामने आई है. दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई थी, जिसमें सांसद की गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई. उन्होंने कहा कि अभी तक पुलिस को कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: बिहार में अब सिर्फ शनिवार को ही अंचल कार्यालय में मिलेंगे राजस्व कर्मी, बाकी के दिन बदला ठिकाना
