Bihar Liquor Ban: (अवधेश कुमार राजन) बिहार में शराब तस्करी के मामले में कई बार पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आती है. इसी कड़ी एक बार फिर कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है. गोपालगंज पुलिस ने लग्जरी कार से शराब की तस्करी करते हुए दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 300 लीटर से अधिक शराब बरामद की गई है. ये कार्रवाई गोपालपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान की.
इन दो पुलिसकर्मियों को किया गया गिरफ्तार
गिरफ्तार पुलिसकर्मियों की पहचान राहुल कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है. राहुल कुमार पुलिस कप्तान के टेक्निकल सेल में तैनात था, जबकि अमित कुमार जेडीयू विधायक मंजीत सिंह का बॉडीगार्ड बताया जा रहा है. वरीय पुलिस अधिकारियों ने दोनों से पूछताछ की. शराब तस्करी के इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस छापेमारी में जुटी है.
सदर एसडीपीओ ने दी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस जवान शराब की खेप किसे भेजते थे और किसके लिए काम करते थे, इसका खुलासा हो चुका है. कई बड़े लोगों के नाम सामने आने के बाद पुलिस अब कार्रवाई मोड में है. सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि राहुल कुमार टेक्निकल सेल में कार्यरत था, जबकि अमित कुमार विधायक की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात था.
यूपी से बिहार लौटने के दौरान पकड़ाए
पुलिस के अनुसार, सिपाही अमित कुमार कल देर रात करीब 12:30 बजे विधायक आवास की ड्यूटी छोड़कर अपनी निजी कार से राहुल कुमार के साथ यूपी शराब की खेप लाने गया था. बिहार लौटने के दौरान गोपालपुर थाना इलाके में वाहन जांच के समय पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया. कार की तलाशी लेने पर 37 कॉर्टन शराब बरामद हुई.
विधायक ने कहा- संदिग्ध था गार्ड का चरित्र
मामले में विधायक मंजीत सिंह ने कहा कि बॉडीगार्ड अमित कुमार की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर चार दिन पहले ही उसे हटाने के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.
पहले भी खाकी पर लग चुका है तस्करी का दाग
गोपालगंज में शराब तस्करी में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले कुचायकोट थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह को भी शराब तस्करी के मामले में बर्खास्त किया जा चुका है. ऐसे में अब इस मामले में दोनों पुलिसकर्मियों से पूछताछ हो रही है. जल्द किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.
Also Read: बिहार में आधी रात 2 अपराधियों का एनकाउंटर, पुलिस ने शार्प शूटर विदेशी और पप्पू को दौड़ाकर मारी गोली
