Bihar Bus Service: बिहार में अब डीजल बसों की जगह इलेक्ट्रिक बसों को चलाए जाने की प्लानिंग है. राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जाएगा. इसी को लेकर पीएम ई-बस सेवा फेज-2 के तहत राज्य में 200 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन का रास्ता साफ हो गया है.
जून में मिलेंगी 200 इलेक्ट्रिक बसें
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से इस संबंध में ग्रीनसेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड को लेटर ऑफ अवार्ड जारी किया गया है. एजेंसी का चयन आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से किया गया है. परिवहन सचिव राज कुमार ने बताया कि योजना के पहले फेज में जून महीने के पहले सप्ताह तक 200 इलेक्ट्रिक बसें आ रही हैं.
कब से होगा इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन?
इसके बाद जून महीने के अंतिम सप्ताह तक इन बसों का परिचालन शरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार में कुल 400 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन किया जाएगा. पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा. ग्रीनसेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 9 मीटर श्रेणी की 200 ई-बसों की आपूर्ति, संचालन और रखरखाव किया जाएगा.
यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन को देखते हुए मॉडर्न बस स्टैंड, चार्जिंग स्टेशन और अन्य तकनीकी सुविधाओं को लेकर भी काम किया जा रहा है. इससे यात्रियों को भी काफी सहूलियत मिल सकेगी, क्योंकि इसमें उनकी सुविधाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखा गया है. बसों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम को भी लगाया जाएगा, जिससे उसका लाइव लोकेशन पता किया जा सकेगा. इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन की भी सुविधा होगी. इन बसों को दिव्यांगों की सहूलियत को देखते हुए भी तैयार किया गया है.
Also Read: RJD सांसद की गाड़ी पर हमला, पीए और चालक से मारपीट, MP बोले- जल्द कार्रवाई हो
