Bihar News: बिहार के जमुई का एक मामला सोशल मीडिया पर इन दिनों लगातार चर्चा में है, जिसमें राहुल (जो पहले राखी थी) और उनकी पत्नी नयनश्री कुमारी का निजी जीवन सुर्खियों में बना हुआ है. 31 मई को दोनों की शादी के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है. इससे पहले करीब 6 महीने पहले राहुल ने दिल्ली के AIIMS में अपना जेंडर चेंज करवाया था, जिसके बाद उनकी पहचान को लेकर लगातार सोशल मीडिया पर बहस और अफवाहें फैल रही थीं.
राहुल का क्या कहना है?
लगातार चल रही चर्चाओं पर राहुल ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि यह उनका निजी निर्णय था और इसमें किसी को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है. राहुल के मुताबिक, उन्होंने यह फैसला अपनी इच्छा और समझ से लिया है.
उन्होंने बताया कि जेंडर चेंज की पूरी प्रक्रिया का खर्च उन्होंने खुद अपनी कमाई से उठाया है. न तो उनकी पत्नी नयनश्री और न ही परिवार ने इसमें कोई आर्थिक मदद दी. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर उन्हें और उनकी पत्नी को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और अधूरी जानकारी के आधार पर ट्रोल किया जा रहा है.
मीडिया ने अधूरी सच्चाई दिखाई- राहुल
राहुल ने मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना उनका पक्ष जाने उनकी जिंदगी को गलत तरीके से दिखाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मां को भी दबाव में बयान देने के लिए मजबूर किया गया और वीडियो क्लिप्स को एडिट कर गलत संदेश फैलाया गया. राहुल ने कहा कि मीडिया को किसी की निजी जिंदगी को दिखाने से पहले पूरी सच्चाई जाननी चाहिए, क्योंकि आधी जानकारी समाज में गलत धारणा पैदा करती है.
नयनश्री बोली- हम रिश्तेदार नहीं हैं
दूसरी ओर नयनश्री कुमारी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना पक्ष रखा है. उन्होंने कहा कि उनके और राहुल के बीच रिश्तेदारी को लेकर जो बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं. नयनश्री ने स्पष्ट किया कि दोनों परिवारों के बीच कोई ऐसा पारिवारिक रिश्ता नहीं है जैसा कुछ लोग बता रहे हैं. उन्होंने कहा कि बिना पूरी जानकारी के उन्हें और उनके रिश्ते को लेकर गलत बातें फैलाई जा रही हैं.
मैंने अपनी मर्जी से शादी की- नयनश्री
नयनश्री ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने राहुल से शादी अपनी मर्जी से की है. उनके अनुसार, जब उन्होंने रिश्ता शुरू किया था तब उन्हें पूरी सच्चाई का पता नहीं था, लेकिन बाद में परिस्थितियां बदलती चली गईं. उन्होंने यह भी कहा कि समाज में साथ रहने के लिए उन्होंने शादी का फैसला लिया, ताकि रिश्ते को सम्मान मिल सके और वे अपनी जिंदगी को बेहतर तरीके से जी सकें.
संघर्ष, पढ़ाई और साथ का सफर
दोनों की कहानी की शुरुआत साल 2019 से मानी जा रही है, जब दोनों ने साथ में मैट्रिक परीक्षा पास की थी. इसके बाद 11वीं-12वीं से लेकर ग्रेजुएशन तक दोनों ने साथ पढ़ाई की. बाद में 2023 में दोनों ने पटना में रहकर BPSC की तैयारी भी साथ की. नयनश्री ने 2025 में BPSC परीक्षा पास कर शिक्षक पद हासिल किया और फिलहाल वे लक्ष्मीपुर क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाती हैं.
सोशल मीडिया पर बहस, निजी जीवन पर सवाल
इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है. एक तरफ लोग निजी स्वतंत्रता और पहचान के अधिकार की बात कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ लोग इस रिश्ते और फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं. राहुल और नयनश्री दोनों ने साफ कहा है कि वे अब इस विवाद को खत्म करना चाहते हैं और चाहते हैं कि लोग उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करें.
‘हम इंसान हैं, हमें जीने दें’
दोनों ने एक स्वर में अपील की है कि बिना सच्चाई जाने किसी को जज न किया जाए. उनका कहना है कि हर इंसान को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का अधिकार है और उनकी निजी जिंदगी को ट्रोलिंग का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए.
