Bihar News: बिहार में लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई सड़क और पुल परियोजनाओं पर काम किए जा रहे हैं. इसी क्रम में समस्तीपुर और पटना के बीच गंगा नदी पर पीपा पुल बनाया जा रहा है. इस पुल के बनने से दियारा इलाके के हजारों लोगों को फायदा मिल सकेगा. काफी लंबे समय से लोग इस पुल के बनने का इंतजार कर रहे थे.
समस्तीपुर से पटना का सफर मिनटों में होगा पूरा
बताया जा रहा है कि पीपा पुल के निर्माण कार्य में तेजी ला दी गई है. जल्द ही इसे पूरा करने को लेकर दिन-रात काम किया जा रहा है. समस्तीपुर से पटना के बीच की दूरी तय करने में फिलहाल लगभग 2 घंटे का समय लगता है. लेकिन पीपा पुल के बन जाने के बाद समस्तीपुर से पटना के बॉर्डर वाले इलाकों तक पहुंचने में सिर्फ आधे घंटे का ही समय लग सकोगा.
पीपा पुल का दिखने लगा है स्ट्रक्चर
जिस तरह से पीपा पुल का निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है, पहले सिर्फ ड्रम या फिर अन्य सामान दिखते थे. लेकिन अब पीपा पुल का स्ट्रक्चर दिखना शुरू हो गया है. जानकारी के मुताबिक, पीपा पुल के लिए लगाए गए ड्रमों के ऊपर लोहे के चैनल और प्लेट लगाए जा रहे हैं. पुल मजबूत रहे, इसे ध्यान में रखते हुए मजबूत लोहे का इस्तेमाल किया जा रहा है. लगभग 8 एमएम मोटी लोहे की प्लेटें बिछाई जा रहीं हैं. सभी काम पूरा होने के बाद इस पर गाड़ियों का परिचालन शुरू हो जाएगा.
पुल के निर्माण में ली जा रही एक्सपर्ट की सलाह
जानकारी के मुताबिक, पीपा पुल के निर्माण में एक्सपर्ट की सलाह भी ली जा रही है. राज्य के दूसरे जिले जैसे कि पूर्णिया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, और सहरसा के एक्सपर्ट इस काम में लगे हुए हैं. साथ ही निर्माण कार्य भी अनुभवी कारीगर की ओर से ही किया जा रहा है. इसके बन जाने के बाद लोगों को खासकर बारिश के दिनों में राहत मिल सकेगी. फिलहाल दियारा इलाके के लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ता है. लेकिन पीपा पुल के बनने से लोगों को खास सुविधा मिल सकेगी.
Also Read: बिहार में बिना रजिस्ट्रेशन नहीं चलेगा ड्राइविंग स्कूल, परिवहन विभाग जल्द जारी करेगा नया गाइडलाइन
