किशनगंज में बनेगा नया मेडिकल कॉलेज, जमीन का प्रस्ताव भेजा-अब मंजूरी का इंतजार
Bihar News: बिहार के सीमावर्ती जिले किशनगंज के लिए काफी समय से प्रतीक्षित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) के निर्माण को लेकर अब हलचल तेज हो गई है.
इसके लिए जिला प्रशासन ने ठाकुरगंज के कृषि मैदान के समीप उपयुक्त जमीन का चयन कर लिया है और इसका औपचारिक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है. अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है.
ठाकुरगंज बना संभावित लोकेशन, प्रशासन ने भेजा प्रस्ताव
जिला प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज के लिए उपयुक्त जमीन की पहचान कर उसे प्रस्ताव के रूप में भेजा है. यह जमीन ठाकुरगंज के कृषि मैदान के समीप स्थित है और नेशनल हाईवे के पास होने के कारण आपातकालीन सेवाओं के लिए भी इसे बेहतर माना जा रहा है.
राज्य सरकार पहले ही किशनगंज में मेडिकल कॉलेज खोलने की स्वीकृति दे चुकी है. इसी के तहत बीएसएएसआईसीएस के प्रबंध निदेशक ने डीएम को पत्र भेजकर जमीन का चयन करने को कहा था.
सीएम के दौरे से जगी थी उम्मीद
11 मार्च को नीतीश कुमार के ठाकुरगंज दौरे के दौरान स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास होगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका. इस दौरान लोगों ने नारेबाजी कर अपनी मांग भी रखी थी.
स्थानीय विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने ठाकुरगंज में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग जोर-शोर से उठाई है.सम्राट चौधरी ने भी अपने संबोधन में यहां मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की बात कही थी, जिससे लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं.
पूरे क्षेत्र को मिलेगा फायदा
स्थानीय नेताओं का मानना है कि ठाकुरगंज में मेडिकल कॉलेज बनने से न सिर्फ किशनगंज जिले, बल्कि आसपास के कई प्रखंडों और पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रस्ताव को कब मंजूरी मिलेगी. यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ, तो ठाकुरगंज जल्द ही एक बड़े हेल्थकेयर सेंटर के रूप में उभर सकता है.
Also Read: बहन की शादी में दिल्ली से लौटे भाई की पीट-पीटकर हत्या, मां बोली- मेरे बेटे का क्या कसूर था
