Bihar News: पटना के वाल्मी परिसर स्थित बिपार्ड स्किल पार्क में बुधवार की सुबह कुछ ऐसी ही रही, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अभिभावक और मार्गदर्शक की भूमिका में छात्रों से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने न केवल ‘दक्षता भवन’ का बारीकी से निरीक्षण किया.
उनके इस दौरे ने साफ कर दिया है कि बिहार सरकार अब राज्य के युवाओं को केवल शिक्षित ही नहीं, बल्कि तकनीक और कौशल में माहिर बनाकर रोजगार के नए अवसर देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया छात्रों को दिया ‘सक्सेस मंत्र’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब बिपार्ड स्किल पार्क के विभिन्न क्लास रूम में दाखिल हुए, तो वहां मौजूद छात्र हैरान रह गए. सीएम ने प्रोटोकॉल किनारे कर सीधे छात्रों से संवाद शुरू किया और उनकी पढ़ाई और तकनीकी प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली.
उन्होंने बड़े ही सहज अंदाज में छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि वे मन लगाकर तकनीकी कौशल प्राप्त करेंगे, तो उन्हें रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. मुख्यमंत्री का यह ‘आत्मनिर्भर’ बनने का गुर उन युवाओं के लिए संजीवनी की तरह था, जो बेहतर भविष्य की तलाश में दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं.
अफसरों को सख्त हिदायत
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री का सख्त तेवर भी देखने को मिला. उन्होंने बिपार्ड स्किल पार्क की व्यवस्थाओं को देखते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
सीएम ने हिमाद्री छात्रावास और अन्य आवासीय सुविधाओं का भी जायजा लिया और अधिकारियों से कहा कि पूरे परिसर को न केवल व्यवस्थित रखें, बल्कि यहां रहने वाले छात्रों की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखें. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध करा रही है और इसका लाभ सीधे छात्रों तक पहुंचना चाहिए.
बिहार सरकार का ‘महा-संकल्प’
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत आला अधिकारियों की मौजूदगी में सीएम ने सरकार के विजन को दोहराया. उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को आधुनिक और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं.
Also Read: पटना में पिछले साल से 75 करोड़ बढ़ा राजस्व, अंतिम दिन 321 डॉक्यूमेंट्स का हुआ रजिस्ट्रेशन
