Bihar Heli Tourism: बिहार घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है. अब राज्य के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों का हवाई दर्शन भी किया जा सकेगा. बिहार सरकार ने हेली टूरिज्म सेवा शुरू करने का फैसला लिया है. इसके तहत पहले चरण में राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी.
कैबिनेट ने दी 3.30 करोड़ रुपये की मंजूरी
बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को मंजूरी दे दी गई. सरकार हेलीकॉप्टर को 60 लाख रुपये प्रति माह के किराये पर लेगी. इसके लिए कुल 3 करोड़ 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं. योजना के पहले चरण में 15 जनवरी 2027 तक उड़ानों का संचालन किया जाएगा.
हर शनिवार और रविवार को मिलेगी हवाई सैर
हेली टूरिज्म सेवा का संचालन हर शनिवार और रविवार को किया जाएगा. पर्यटक हेलीकॉप्टर से वाल्मीकिनगर के घने जंगल, कैमूर का प्राचीन मां मुंडेश्वरी मंदिर और नालंदा का ऐतिहासिक शहर राजगीर का हवाई नजारा देख सकेंगे.
पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी
इस योजना का संचालन सिविल विमानन विभाग करेगा. विभाग ने वीकेंड टूरिज्म को ध्यान में रखते हुए पूरी उड़ान योजना तैयार कर ली है. सरकार का मानना है कि हवाई पर्यटन शुरू होने से बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी.
हेलीकॉप्टर मिलते ही शुरू होगी सेवा
सिविल विमानन विभाग के अनुसार, हेलीकॉप्टर की उपलब्धता सुनिश्चित होते ही प्रस्तावित उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पटना में पहले ही शुरू हो चुकी है जॉय राइड
हेली टूरिज्म की शुरुआत पटना से हो चुकी है. 18 जुलाई से राजधानी में हेलीकॉप्टर जॉय राइड सेवा शुरू की गई थी. इसके लिए प्रति व्यक्ति 2,100 रुपये किराया तय किया गया है. करीब 10 मिनट की इस हवाई सैर के दौरान पर्यटक लगभग 1,200 फीट की ऊंचाई से पटना शहर का नजारा देख सकते हैं. इस दौरान गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब समेत शहर के कई प्रमुख स्थल आसमान से दिखाई देते हैं.
आगे और जगहों को भी मिलेगा मौका
सरकार पहले छह महीने तक इस योजना की निगरानी करेगी. इस दौरान पर्यटकों की संख्या और लोगों की प्रतिक्रिया का आकलन किया जाएगा. यदि योजना सफल रहती है, तो आने वाले समय में बिहार के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी हेली टूरिज्म सेवा से जोड़ा जाएगा.
