Bihar Chunav 2020 : भाजपा के तेजस्वी हैं चिराग के मुरीद, कई मुद्दों पर साथ होने की कही बात

Bihar Chunav 2020 : चिराग की तारीफ में तेजस्वी सूर्या ने अपनी राय खुले दिल से जाहिर की.

आरा : बिहार विधानसभा में भाजपा और लोजपा का रिश्ता जितना स्पष्ट किया जाता है उतना ही धुंधला होता जा रहा है. एक ओर भाजपा के नेता कह रहे हैं कि पार्टी का लोजपा के साथ कोई संबंध नहीं है तो दूसरी ओर पार्टी के ही सांसद खुलेआम चिराग के तेवर की तारीफ करते नहीं थकते.

ताजा मामला भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का है. चुनाव प्रचार करने बिहार आये भाजपा के तेजस्वी ने खुद को चिराग का मुरीद बताया. चिराग की तारीफ में तेजस्वी सूर्या ने अपनी राय खुले दिल से जाहिर की.

तेजस्वी ने कहा है कि चिराग बेहद ऊर्जावान युवा नेता हैं और कई मुद्दों पर उनकी राय हमसे मेल खाती है. वैसे उन्होंने उन मुद्दों का खुलासा नहीं किया, जिन पर दोनों की राय एक है. तेजस्वी ने बस इतना कहा कि चिराग और मैं बिहार के अंदर किसी एक मुद्दे पर साथ होते हैं, तो यह अच्छी बात होगी.

तेजस्वी ने कहा है कि भले ही चिराग गठबंधन के साथ चुनाव नहीं लड़ रहे हो, लेकिन उनकी ऊर्जा देखते बनती है. उन्होंने चिराग पासवान को चुनाव के लिए बधाई भी दी.

भाजपा के तेजस्वी ने राजद के तेजस्वी के नौकरी देने वाले बयान पर हमला करते हुए कहा कि अपनी राजनीतिक बेरोजगारी दूर करने के लिए इस तरह के बयानबाजी किए जा रहे हैं, जो कि पूर्ण रूप से झूठ हैं.

डेहरी में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि जिन लोगों को पहले काम करने का मौका मिला तो कांड करने में लग गये और अब जब राजनीतिक रूप से बेरोजगार हो गए हैं तो अपनी बेरोजगारी दूर करने के लिए झूठे वादे किए जा रहे हैं.

Posted by Ashish Jha

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >