बिहार बंद : पटना समेत आठ जिलों में हिंसक प्रदर्शन, दो जिलों में एसपी घायल, तेजस्वी ने AK-47 से फायरिंग पर उठाए सवाल

बिहार बंद : पटना समेत आठ जिलों में हिंसक प्रदर्शन, दो जिलों में एसपी घायल, तेजस्वी ने AK-47 से फायरिंग पर उठाए सवाल
Bihar Bandh 25 July : NEET पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज पूरे बिहार में बंद का आह्वान किया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर राज्य भर में हाई अलर्ट जारी है, कई जिलों में स्कूल और इंटरनेट सेवाएं भी बाधित की गई हैं.
धर्मेंद्र प्रधान के बाद किसका इस्तीफा मांगेंगे छात्र, सुनिए...
पटना में प्रभात खबर से बात करते हुए एक प्रदर्शनकारी छात्र ने कहा है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री नितिन गडकरी के इस्तीफे की मांग की जाएगी. पेट्रोल में इथेनाल की मिलावट देश के मिडिल क्लास के लिए बड़ी समस्या है.
सीवान पुलिस ने AK-47 से क्यों फायरिंग की, तेजस्वी ने किया सवाल
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीवान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
पटना में छात्रों ने मनाया जश्न, स्थिति सामान्य हुई
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की सूचना पहुंचते ही प्रदर्शनकारी छात्रों ने जश्न मनाया. पटना के गांधी मैदान के समीप शनिवार दोपहर बाद मौजूद छात्रों में उत्साह की लहर दौड़ गई. छात्रों ने इसे अपनी जीत बताते हुए जमकर नारेबाजी की और एक-दूसरे को बधाई दी. शाम चार बजे के करीब एकाध मामलों को छोड़कर शहर के अधिकांश जगहों पर हंगामा शांत हो गया है. डाकबंगला चौराहा के पास भी ट्रैफिक लगभग सामान्य हो गया है.
20 जिलों में सड़क पर उतरे छात्र, आठ में हिंसक प्रदर्शन
बिहार बंद के मद्देनजर आज कम से कम 20 जिलों में छात्र-युवा सड़क पर उतरे हैं. इनमें से पटना समेत आठ जिलों में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. हंगामे में सीवान और सीतामढ़ी के एसपी घायल हो गए हैं. वहीं भागलपुर की डीएम अलंकृता पांडेय झड़प में बाल-बाल बची हैं.
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार छपरा और सीतामढ़ी में पुलिस की गाड़ियों में आग लगाई गई है. वहीं पटना के गांधी मैदान इलाके में पुलिस की दो गाड़ियों को पलट दिया गया. भागलपुर, पूर्णिया और किशनगंज में भी पुलिस वाहनों पर हमला किया गया है. इनके अलावा भागलपुर, सीतामढ़ी समेत कई जिलों में समाहरणालय व डीएम आवास पर भी हमला करने की कोशिश की गई है.
सीवान में पुलिस फायरिंग में 3 घायल, 3 दर्जन हिरासत में
सीवान में शुक्रवार को छात्रों का प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र हो गया. भीड़ नहीं मानी तो पुलिस को हवाई फायरिंग के साथ गोली चलानी पड़ी. गोलीबारी में 3 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. उपद्रव को रोकने के लिए पुलिस ने सख्ती बरती. अब तक लगभग तीन दर्जन छात्रों को हिरासत में लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस उपद्रव की वीडियो फुटेज भी खंगाल रही है.
पटना पुलिस ने छात्राओं को भी हिरासत में लिया
पटना के गांधी मैदान गेट नंबर 10 के पास प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस द्वारा अब छात्राओं को भी हिरासत में लिया जा रहा है. मौके पर मौजूद जवान प्रदर्शनकारियों को खदेड़ते नजर आए. इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
आईजी जितेंद्र राणा ने SSP और सिटी SP को दिए निर्देश
पटना में हालात पर नजर रखने के लिए आईजी जितेंद्र राणा खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभाल रहे हैं. उन्होंने मौके पर मौजूद एसएसपी और सिटी एसपी से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली. आईजी ने अधिकारियों को अलग-अलग इलाकों की जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बनाए रखें. पुलिस अधिकारी लगातार गश्त कर स्थिति को नियंत्रित रखने में जुटे हैं.
पटना में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते आईजी जितेंद्र राणा
बिहार बंद के दौरान पटना में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आईजी जितेंद्र राणा खुद सड़क पर उतर गए हैं. उन्होंने संवेदनशील इलाकों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की. पुलिस अधिकारियों और जवानों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं. आंदोलन के बीच स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं.
छपरा में पुलिस गाड़ी में लगाई आग
छपरा में प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका चौक पर हिंसक प्रदर्शन किया. हंगामा कर रहे छात्रों ने पुलिस की गाड़ी में आग लगी दी है. पुलिस की वैन पूरी तरह जल कर खाक हो गई है.
पटना पुलिस की हिरासत में तेज प्रताप यादव
पटना पुलिस ने तेज प्रताप यादव को हिरासत में ले लिया है. वे NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन देने गांधी मैदान गए थे. उन्होंने गिरफ्तार होते कहा कि हम छात्रों के लिए मर-मिटेंगे. मैं स्टूडेंट्स के साथ खड़ा हूं. धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा.
सीवान एसपी समेत कई घायल, आंसू गैस के गोले चले
सीवान के गांधी मैदान में प्रदर्शन के बाद उग्र हुए छात्रों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया. लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए. मौके पर पहुंचे एसपी पूरन कुमार झा ने खुद मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना शुरू किया. इसके बाद छात्र और उग्र हो गए. गांधी मैदान से निकलकर जेपी चौक तक पहुंच गए और वहां भी जमकर पत्थरबाजी की. इस दौरान कई छात्र और एसपी पूरन कुमार झा भी घायल हो गए. पूरी खबर पढ़ें...
औरंगाबाद में पुलिस पर पथराव, कई को लगी चोट
बिहार बंद के दौरान शहर के रमेश चौक पर प्रदर्शन हो रहा है. इसी बीच प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर दिया है. इस पथराव में कई पुलिसकर्मियों के साथ ही कवरेज कर रहे पत्रकारों को भी चोट लगी है.
मधेपुरा में समाहरणालय घेराव, डेढ़ दर्जन छात्र डिटेन
बिहार बंद के आह्वान के दौरान शनिवार को विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र टीपी कॉलेज के समीप एकत्र हुए. जुलूस की शक्ल में ज्ञापन देने के लिए समाहरणालय की ओर बढ़े लेकिन कॉलेज चौक पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया. करीब डेढ़ दर्जन छात्र नेताओं और प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर सदर थाना ले गई. पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
पूर्णिया में इंदिरा गांधी स्टेडियम तक पहुंचा मार्च
पूर्णिया में आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी और विभिन्न छात्र संगठनों के आह्वान पर पैदल मार्च का आयोजन किया गया. मार्च को इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास प्रशासन ने डिटेन किया है. डीएम-एसएसपी भी पहुंच गए हैं. हंगामा जारी है.
लखीसराय में निकला प्रतिरोध मार्च
लखीसराय में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को शहर के केआरके मैदान से प्रतिरोध मार्च निकाला गया. यह प्रतिरोध मार्च वामपंथी दलों के छात्र नेताओं, यूथ कांग्रेस और युवा राजद के छात्र संगठनों द्वारा संयुक्त रूप से निकाला गया. इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मार्च मुख्य सड़क, नया बाजार, बाजार समिति होते हुए समाहरणालय पहुंचा.
पटना में गांधी मैदान-डाकबंगला चौराहा इलाके में बढ़ा हंगामा
पटना में दिन चढ़ते ही हंगामा बढ़ने लगा है. गांधी मैदान के पास से प्रदर्शनकारी छात्रों को हटाने की कोशिश में पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया है. साथ ही इधर डाकबंगला चौराहे के पास जुटे छात्रों द्वारा पत्थरबाजी की गई है. पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को पटना जंक्शन की ओर खदेड़ दिया है. इससे पहले गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में सड़क पर उतरे कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है.
तिरंगा झंडा लेकर सड़क पर उतरे तेज प्रताप यादव
पटना में पूर्व मंत्री व JJD नेता तेज प्रताप यादव हाथ में तिरंगा झंडा लेकर सड़क पर उतरे हैं. गांधी मैदान के पास गाड़ी की छत पर चढ़कर उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों का समर्थन किया.
पटना पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया
पटना के जेपी गोलंबर के पास जुटे प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस ने खदेड़ कर हटाने की कोशिश की है. हालांकि इसके बाद भी वहां काफी संख्या में छात्र नारेबाजी कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया है.
भागलपुर के स्टेशन चौक पर जुटे छात्र
बिहार बंद के आह्वान पर शनिवार को भागलपुर में बंद समर्थक स्टेशन चौक पर विद्यार्थियों का हुजूम जुटा. जमकर प्रदर्शन व सरकार के विरोध में नारेबाजी की. नीट पेपर लीक सहित केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. इस दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर मौजूद रहे.
छपरा में दिख रहा बंद का व्यापक असर
बिहार बंद का व्यापक असर सारण जिले के छपरा शहर में देखने को मिला. शनिवार सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे. प्रदर्शन के दौरान समाहरणालय रोड पर उग्र छात्रों ने सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़ दिए. उन्हें रोकने के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग लेकर छात्र भागते नजर आए. थाना चौक पर छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली.
शहर के नगर पालिका चौक पर हजारों छात्र एकत्र हो गए और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करने लगे. छात्रों ने डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा स्थल पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सदर एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
पटना के जेपी गोलंबर पर जुटे छात्रों को पुलिस ने खदेड़ा
राजधानी पटना में सुबह 11:30 बजे के करीब छात्रों का पहला जुटान शुरू हुआ है. गांधी मैदान के पास जेपी गोलंबर पर सैकड़ों छात्र जुटे हैं. हालांकि पहले से मौजूद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों को खदेड़ दिया है.
गया में सड़क पर उतरे हजारों छात्र, पुलिस अलर्ट
NEET समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर गया में छात्रों ने शुक्रवार को विशाल प्रदर्शन किया. गया कॉलेज से निकला छात्र मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की. सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और वरीय अधिकारी खुद मौके पर नजर बनाए रहे. प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि पुलिस निगरानी में स्थिति शांतिपूर्ण रही.
सहरसा में थाना चौक पर धरने पर बैठे छात्र
NEET पेपर लीक मामले को लेकर सहरसा में छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है. शनिवार को बड़ी संख्या में छात्र थाना चौक पर धरने पर बैठ गए हैं. प्रदर्शनकारी निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं. छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
पटना में फ्लैग मार्च कर रही पुलिस
पटना जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. आईजी जितेंद्र राणा, एसएसपी कार्तिकेय शर्मा समेत वरीय पुलिस अधिकारी खुद सड़क पर उतरकर हालात का जायजा ले रहे हैं. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और सरकारी भवनों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न इलाकों में पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है. प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या जबरन बंद कराने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
आरा रेलवे स्टेशन पुलिस छावनी में तब्दील
बिहार बंद को देखते हुए आरा पुलिस स्टेशन पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन किसी भी तरह के हंगामे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. भोजपुर DM और SP ने शुक्रवार को भी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था. साथ ही पुलिस-प्रशासन को सभी तरह के एहतियात बरतने के सख्त निर्देश दिए थे.
रोहिणी आचार्य ने सरकार पर उठाए सवाल
NEET आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर रोहिणी आचार्य ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि प्रदर्शनकारी छात्र थे, अपराधी नहीं. रोहिणी ने छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल को मानवाधिकारों व लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है. उन्होंने सरकार पर दमनात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगाया है. अपने पोस्ट में उन्होंने छात्रों के साथ किए गए व्यवहार पर सवाल खड़े किए हैं.
CPI (ML) ने नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की
बिहार बंद से पहले CPI(ML) ने राज्य सरकार पर दमनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाया है. पार्टी ने दावा किया है कि AISA और CPI(ML) से जुड़े कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है. संगठन ने संदीप सौरव, धनंजय, दीपांकर समेत कई नेताओं की गिरफ्तारी का दावा किया है. CPI(ML) ने सभी गिरफ्तार लोगों की तत्काल रिहाई की मांग की है. वहीं, संगठन ने सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही है.
MLC क्वार्टर पर भरी संख्या में फोर्स तैनात
छात्र आंदोलन को देखते हुए पटना स्थित एमएलसी क्वार्टर में भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. आंदोलन के दौरान पहली बार एमएलसी क्वार्टर परिसर में इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी देखने को मिल रही है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. पुलिस जवानों की तैनाती से परिसर में सुरक्षा का माहौल और सख्त हो गया है. आंदोलन को देखते हुए नेताओं और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन अलर्ट है.
पटना में फिलहाल स्थिति सामान्य
बिहार बंद के बीच इनकम टैक्स चौराहे पर फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है. सड़क पर वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी है. आम लोगों की आवाजाही में कोई खास बाधा नहीं दिख रही है. प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है.
सीवान में कॉकरोच के गेटअप में पहुंचा छात्र
सीवान में आइसा और राष्ट्रीय युवा आंदोलन के समर्थक सड़क पर उतरे हैं. प्रदर्शन में एक छात्र का अनोखा अंदाज देखने को मिला. छात्र कॉकरोच के गेटअप में जुलूस में शामिल हुआ. उसके हाथ में NEET पेपर लीक प्रोटेस्ट से जुड़ा बैनर था, जिस पर अभिजीत दीपके के समर्थन में संदेश लिखा था. प्रदर्शन के दौरान छात्र संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की.
सीवान में SP-प्रदर्शनकारियों में बहस
सीवान में बिहार बंद के दौरान आइसा और RYA कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बीच एसपी पूरन कुमार झा से नोकझोंक हुई. एसपी ने प्रदर्शनकारियों से प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक बहस होती रही. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें डराने का प्रयास किया गया. पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
बेगूसराय में सामान्य रूप से चल रहा जनजीवन
बिहार बंद को लेकर बेगूसराय में फिलहाल कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है. शहर की सड़कों पर रोजाना की तरह वाहनों की आवाजाही जारी है. लोग सामान्य रूप से अपने कामकाज के लिए बाहर निकल रहे हैं. हालांकि सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी लगातार जारी है.
जहानाबाद में हेलमेट और लाठी के साथ मुस्तैद पुलिस
जहानाबाद में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत रखा है. शहर में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. हेलमेट पहने और हाथों में लाठी लिए पुलिसकर्मी सड़कों पर मुस्तैद नजर आ रहे हैं. पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.
पटना में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जेपी गोलंबर से डाक बंगला चौराहा, इनकम टैक्स और आर ब्लॉक तक बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है. गांधी मैदान और जेपी चौक समेत शहर के प्रमुख इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है. संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
सीवान में जुटे आइसा कार्यकर्ता
सीवान में आइसा और राष्ट्रीय युवा आंदोलन के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं. कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में बैनर-पोस्टर के साथ जुलूस निकाला. इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है. प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है. बंद के दौरान शहर में गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है.
जहानाबाद में एसपी सड़क पर उतरे
बिहार बंद को लेकर जहानाबाद में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर है. पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार स्वयं सड़क पर उतरकर प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं. जिले में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है और जगह-जगह पुलिस बल के साथ गश्ती दल तैनात किए गए हैं. कंट्रोल रूम से पूरे जिले की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जबकि वरीय पुलिस अधिकारी भी क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.
जहानाबाद में पुलिस की पेट्रोलिंग
जहानाबाद में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. शहर के प्रमुख इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस की टीम हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और लगातार गश्त कर रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है.
नालंदा में DM-SP आवास की सुरक्षा बढ़ी
बिहार बंद को लेकर बिहारशरीफ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. डीएम और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों के आवास की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश से रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है. फिलहाल जिले में कहीं से भी किसी प्रदर्शन या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है.
समस्तीपुर में छात्रों ने किया सड़क जाम
बिहार बंद का असर अब समस्तीपुर में भी देखने को मिल रहा है. छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है. प्रदर्शन के दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है. प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध जता रहे हैं. मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम हालात पर नजर बनाए हुए है.
हाजीपुर में प्रशासन ने जारी की सख्त एडवाइजरी
बिहार बंद को लेकर हाजीपुर में शनिवार सुबह से ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. छात्र आंदोलनों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है. प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से प्रदर्शन करने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है. प्रशासन ने एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं का रास्ता बाधित नहीं करने के साथ सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है. हिंसा, तोड़फोड़, आगजनी, अफवाह फैलाने या सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
CISF, BSF, SSB और CRPF भी हैं तैनात
बिहार बंद को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. स्थानीय पुलिस के साथ CISF, BSF, SSB और CRPF के जवान भी मोर्चे पर तैनात हैं. विधानसभा, पटना जंक्शन, एयरपोर्ट, राजेंद्र नगर टर्मिनल और संग्रहालय समेत सभी महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और जवानों की गश्त तेज कर दी गई है. प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं.
शेखपुरा में DM-SP ने निकाला फ्लैग मार्च
बिहार बंद को लेकर शेखपुरा में शनिवार सुबह से ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थलों और मुख्य मार्गों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण बल को भी मुस्तैद रखा गया है. पुलिस लगातार गश्त कर रही है और हालात पर नजर बनाए हुए है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज बिहार बंद
NEET पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आज बिहार बंद है. AISA और RYA के आह्वान पर बुलाए गए बंद को देखते हुए पूरे राज्य में 70 हजार जवान तैनात किए गए हैं. पटना समेत कई जिलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और कई जगह स्कूल भी बंद रखे गए हैं.