बिहार में 9500+ असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर होगी भर्ती, 211 कॉलेजों का रोस्टर तैयार, जानिए कब शुरू होगी प्रक्रिया

Bihar Assistant Professor Recruitment: बिहार में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. BSUSC सितंबर से नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा. 211 डिग्री कॉलेजों में 2532 और विश्वविद्यालयों में करीब 7000 पदों पर नियुक्ति होगी. चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा.

Bihar Assistant Professor Recruitment: बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने राज्य के डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में बड़े स्तर पर असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है. आयोग के अध्यक्ष गिरीश कुमार चौधरी ने बताया कि नियमित असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती प्रक्रिया सितंबर से शुरू होगी. इस भर्ती का मकसद लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पदों को भरना है. राज्य के 211 डिग्री कॉलेजों में कुल 2532 नियमित असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी.

सरकार ने तैयार किया रोस्टर, छह विषयों में फिर होगी भर्ती

आयोग के अनुसार राज्य सरकार ने खाली पदों का रोस्टर तैयार कर लिया है. अब भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है. कुछ विषयों में पहले निकली भर्ती के बाद भी पद खाली रह गए थे. ऐसे छह विषयों में फिर से भर्ती की जाएगी, ताकि सभी खाली पदों को भरा जा सके और कॉलेजों में शिक्षकों की कमी खत्म हो.

विश्वविद्यालयों में भी करीब 7000 पदों पर मिलेगी नौकरी

डिग्री कॉलेजों के साथ-साथ बिहार के अलग-अलग विश्वविद्यालयों में भी करीब 7000 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती होगी. आयोग ने बताया कि कुलाधिपति के निर्देश के बाद भर्ती से जुड़े जरूरी नियम और स्टैच्यूट तैयार कर लिए गए हैं. इससे विश्वविद्यालयों में नियमित भर्ती का रास्ता साफ हो गया है.

लिखित परीक्षा के बाद होगा चयन

BSUSC अध्यक्ष ने साफ किया है कि नियमित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा देना जरूरी होगा. इसके बाद इंटरव्यू और तय नियमों के अनुसार बाकी चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी. आयोग का कहना है कि पूरी भर्ती मेरिट और पारदर्शी तरीके से होगी, ताकि योग्य उम्मीदवारों का चयन हो सके.

कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को जल्दी पूरा करने के लिए संविदा असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती भी लगभग पूरी हो चुकी है. आयोग के मुताबिक चयनित संविदा असिस्टेंट प्रोफेसर 10 अगस्त से कॉलेजों में पढ़ाना शुरू करेंगे. इससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और खाली विषयों की कक्षाएं नियमित चल सकेंगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका

बिहार में लंबे समय से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की कमी बनी हुई थी. अब हजारों पदों पर होने वाली भर्ती से एक तरफ शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं दूसरी तरफ नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को मौका मिलेगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे BSUSC की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और आवेदन, योग्यता, परीक्षा पैटर्न और जरूरी तारीखों की जानकारी समय-समय पर देखते रहें.

इसे भी पढ़ें: बिहार में IMD ने जारी किया डबल अलर्ट, 6 से 8 से अगस्त तक जारी रहेगा आंधी-तूफान और भारी बारिश का दौर



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >