Bahujan Mahapanchayat: भोजपुर जिले के जगदीशपुर में होने वाली बहुजन महापंचायत को फिलहाल टाल दिया गया है. जगदीशपुर के बिलौटी गांव में बीते दिनों एक एनकाउंटर हुआ था, जिसमें भरत तिवारी की मौत हो गई थी. इसी मामले को लेकर आगामी 5 जुलाई को एक बड़ी बहुजन महापंचायत बुलाने की तैयारी थी. यह पूरा कार्यक्रम जगदीशपुर प्रखंड के लाल बिहारी सिंह के टोला में स्थित खेल मैदान में आयोजित होने वाला था.
प्रशासन से मांगी गई थी मंजूरी, मिला इनकार
इस महापंचायत को आयोजित करने के लिए आयोजन समिति ने भोजपुर जिला प्रशासन से औपचारिक इजाजत मांगी थी. इसके लिए आयोजन समिति के सदस्य अभिषेक मेहता, रणविजय बहादुर, उमेश कुमार सिंह और लाल बहादुर महतो ने 30 जून को जगदीशपुर एसडीओ ऑफिस को एक पत्र भेजा था. इस पत्र के जरिए कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की मांग की गई थी.
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का दिया हवाला
आयोजकों के इस आवेदन पर जगदीशपुर अनुमंडल पदाधिकारी ने सख्त फैसला लिया है. उन्होंने जगदीशपुर के थाना अध्यक्ष और सीओ को निर्देश जारी करते हुए महापंचायत की अनुमति से जुड़े पत्र को निरस्त कर दिया. अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय ने इस कार्यक्रम को एनओसी देने से साफ मना कर दिया है. प्रशासन का कहना है कि इस महापंचायत में बहुत ज्यादा भीड़ जुटने की उम्मीद थी, जिससे इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती थी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
आवेदन पूरी तरह निरस्त, कार्यक्रम हुआ रद्द
प्रशासन ने बताया कि भीड़ की वजह से स्थानीय कानून व्यवस्था बिगड़ने की भी आशंका थी. इन्हीं सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए 5 जुलाई को होने वाले इस कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी जा सकती. आयोजन समिति की तरफ से आवेदन दिए जाने के बावजूद, अब प्रशासन ने इसे आधिकारिक रूप से निरस्त करने का पत्र जारी कर दिया है. इस कारण अब यह महापंचायत नहीं हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार शिक्षा विभाग के अवर सचिव 20000 घूस लेते गिरफ्तार, पटना के गर्दनीबाग में SVU का एक्शन
