Bharat Tiwari Encounter Inside Story: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बुधवार पुलिस और एक पिस्टलधारी युवक के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई. इस गोलीबारी में युवक को गोलियां लगीं, जिसके बाद इलाज के दौरान पटना के पीएमसीएच (PMCH) अस्पताल में उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान बिलौटी गांव के रहने वाले 30 साल के भरत भूषण तिवारी के रूप में हुई है. भरत के पिता काशीनाथ तिवारी पुलिस विभाग से बतौर चालक सिपाही रिटायर हो चुके हैं.
फेसबुक लाइव आकर पुलिस को दी चुनौती
मुठभेड़ से ठीक पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में भरत भूषण तिवारी एक हाथ में लोडेड पिस्टल और दूसरे हाथ में मोबाइल लेकर फेसबुक पर लाइव था. वह घर की छत पर खड़े होकर लगातार पुलिस को ललकार रहा था और हथियार लहरा रहा था.
पुलिस की घेराबंदी के बीच उसने फेसबुक पर दो-तीन वीडियो लाइव ब्रॉडकास्ट किए. इसके बाद वह किसी तरह घर से निकलकर गांव के बाहर खेतों की तरफ भाग गया.
15 से ज्यादा राउंड चलीं गोलियां
एसपी राज ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि भरत भूषण तिवारी हथियार लहराकर हवाई फायरिंग कर रहा है. इसके बाद स्थानीय थाना पुलिस और एसटीएफ (STF) की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने उसे बार-बार सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन वह रुक-रुक कर पुलिस पर गोलियां चलाता रहा.
हालात बिगड़ते देख बुलेटप्रूफ जैकेट पहने एसटीएफ के जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरा. जब वह नहीं माना तो पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जो भरत के दोनों पैरों के घुटने और जांघ में लगीं. इस दौरान आरोपी की तरफ से 8-10 राउंड और पुलिस की तरफ से 4-5 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है. पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, दो कारतूस, एक मैगजीन और दो खोखा बरामद किया है.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
गोली लगने से घायल भरत भूषण को पुलिस तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लेकर गई. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. पटना में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने घटना से एक दिन पहले बयान दिया था कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसे गिरफ्तार कर उसका इलाज कराया जाएगा. भरत एक साल पहले भी पुलिस अफसर से उलझने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में जेल जा चुका था.
दोबारा पिस्टल उठाने की कोशिश
मौके पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस लगातार भरत को समझा रही थी. भरत ने शर्त रखी कि अगर उसकी मांगें मान ली जाएं तो वह हथियार फेंक देगा. पुलिस के भरोसा देने पर उसने पिस्टल जमीन पर फेंक भी दी थी. लेकिन पुलिस का दावा है कि जैसे ही जवान उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े, उसने दोबारा जमीन से पिस्टल उठाने की कोशिश की. इसी वजह से पुलिस को मजबूरन जवाबी फायरिंग करनी पड़ी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
इस एनकाउंटर के बाद भरत के घर में कोहराम मच गया है. वह चार भाई-बहनों में मंझले नंबर पर था. उसका बड़ा भाई वसंत तिवारी और छोटा भाई चंदन तिवारी है. भरत की मां का कहना है कि उनके बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी.
मां का आरोप है कि भरत ने सरेंडर कर दिया था, इसके बावजूद पुलिस ने उसे पांच गोलियां मार दीं. घटना के बाद परिवार को भरत से मिलने तक नहीं दिया गया. पिता ने बताया कि भरत गांव में ही एक इलेक्ट्रिक बाइक का शोरूम खोलने की तैयारी में था और इसके लाइसेंस के लिए आवेदन भी किया था.
परिजनों का कहना है कि भरत समाज के मुद्दों पर आवाज उठाता था, लेकिन उसके पास पिस्टल कहां से आई, उन्हें नहीं पता. अब परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी के एनकाउंटर पर मां का छलका दर्द, बोलीं- समाज सेवक था मेरा बेटा
