चरपोखरी : थाना क्षेत्र के मझियांव गांव निवासी श्रीराम राम के पुत्र सुनील कुमार राम की विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौत हो गयी. घटना बुधवार की सुबह की जब मृतक अपने गांव के दक्षिण बधार के खेत में सोहनी कर लौट रहा था. इसी दौरान विद्युत धारा से प्रवाहित बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के संबंध में मृतक के पिता श्रीराम राम ने स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर यूडी केस दर्ज कराया है. पिता द्वारा दिये गये आवेदन में बताया गया है कि मेरा पुत्र खेत से सोहनी कर घर लौट रहा था. माथे पर लकड़ी का डंडा लिया हुआ था.
इसी बीच धारा प्रवाहित बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ था, जिसके संपर्क में आने से उसकी मौत हो गयी. जब तक ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे तब तक उसकी मौत हो गयी थी. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचकर मेन विद्युत सप्लाई को बंद कराया. इसके बाद ग्रामीण इकट्ठा हो गये और गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. घटना की सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में करते हुए पोस्टमार्टम के लिए आरा भेज दिया. वहीं पंचायत के मुखिया त्रिवेणी साह ने मौके पर पहुंच कर मृतक के परिजनों को कबीर अंत्येष्टि के तहत 30 हजार की राशि का भुगतान किया. विद्युत की चपेट में आने से किसान की हुई मौत से मझियांव में मातम छा गया है. राजद के प्रदेश महासचिव सत्यनारायण यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता के अंतर्गत चार लाख सरकारी मुआवजा दिये जाने की मांग की है.
