हर्ष फायरिंग में नाबालिग की गोली लगने से मौत

परिजनों ने दो लोगों के खिलाफ बड़हरा थाने में दर्ज कराया हत्या का मुकदमा परिजनों ने चचेरे भाई व चचेरे बहनोई पर गोली मारकर हत्या करने का लगाया आरोप घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे किये बरामद आरा/बड़हरा : बड़हरा थाना क्षेत्र की बड़हरा पानी टंकी के समीप सोमवार की रात आयी बरात में नाच […]

परिजनों ने दो लोगों के खिलाफ बड़हरा थाने में दर्ज कराया हत्या का मुकदमा

परिजनों ने चचेरे भाई व चचेरे बहनोई पर गोली मारकर हत्या करने का लगाया आरोप
घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे किये बरामद
आरा/बड़हरा : बड़हरा थाना क्षेत्र की बड़हरा पानी टंकी के समीप सोमवार की रात आयी बरात में नाच के दौरान हुई फायरिंग से गोली लगने से दूल्हे के चचेरे भाई की मौत हो गयी.
मृतक के परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए दो लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. परिजनों ने चचेरे भाई व चचेरे बहनोई पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतक फुंहा गांव निवासी जितेंद्र सिंह का 15 वर्षीय पुत्र राघवेंद्र कुमार बताया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि बड़हरा थाना क्षेत्र के फुंहा गांव से जय प्रकाश सिंह के लड़के पवन की बरात बड़हरा थाना क्षेत्र के बड़हरा निवासी कृष्णा सिंह के घर आयी हुई थी. बरात में नाच हो रहा था. नाच देखने के दौरान सामियाना अंधाधुंध फायरिंग हो रही थी. इसी क्रम में गोली राघवेंद्र को लग गयी, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद अफरातफरी मच गयी. आननफानन में जख्मी राघवेंद्र को उठाकर दो लोग सदर अस्पताल लाये, जहां मौत की पुष्टि होने के बाद उसे छोड़कर भाग निकले.
घटना की सूचना मिलते ही बड़हरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी. पुलिस के पहुंचते ही आरोपित भाग निकले थे.
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी. साथ ही मौके से तीन खोखा भी बरामद किया है. इस संबंध में बड़हरा थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि मृतक के पिता जितेंद्र सिंह के बयान पर अभय सिंह तथा उसके बड़े बहनोई पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
थाने से महज सौ मीटर की दूरी पर आयी थी बरात, चल रही थीं गोलियां, पुलिस थी अनजान : बड़हरा थाना कैंपस से महज सौ मीटर की दूरी पर बरात आयी हुई थी. नाच के दौरान गोलियां चल रही थीं लेकिन पुलिस अंजान बनी हुई थी. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. बड़हरा थाना पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे है. सौ मीटर की दूरी पर आयी बरात में फायरिंग हो रही है और पुलिस को भनक तक नहीं लगी.
बेटे की मौत के बाद मां और दादी का रोते- रोते हुआ बुरा हाल
बरात में नाच के दौरान चली गोली में हुई बेटे की मौत के बाद मृतक की मां गायत्री देवी और उसके दादी का रोते- रोते बुरा हाल हो गया है.
घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया. खुशी का माहौल पल भर ही मातम में बदल गया. पूरे घर में मातमी सन्नाटा पसर गया.
मृतक के शरीर से निकली गोली :
पोस्टमार्टम के दौरान नाबालिग के शरीर से डॉक्टरों ने गोली निकाली. हालांकि बताया जा रहा है कि गर्दन के पिछले हिस्से में गोली लगने के बाद फंस गयी थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी. डॉक्टरों ने बताया कि ससमय उसे इलाज के लिए लाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी.
नहीं थम रही है बरात में हथियारों का प्रदर्शन
बरात में नाच के दौरान फायरिंग भोजपुर जिले में आम बात हो गयी है. भोजपुर जिले में सबसे ज्यादा बरात में हथियारों का प्रदर्शन स्टेटस सिंबल बनता जा रहा है.
इसके पहले भी भोजपुर में कई घटनाएं हुईं, लेकिन अब तक आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई शून्य के बराबर है और तो और इस मामले में भोजपुर पुलिस बरात में हथियार ले जाने पर रोक भी नहीं लगा पायी, जिसके कारण लोगों का मनोबल दिन- प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >