आरा/कोइलवर : जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा बालू घाट पर बालू स्टॉक करने को लेकर रास्ते के विवाद में बालू कंपनी के दो पार्टनर आपस में भिड़ गये और दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर जमकर गोलीबारी की गयी. हालांकि इस घटना में किसी की हताहत होने की सूचना नहीं है. इस दौरान दोनों गुटों के बीच लगभग 50 राउंड फायरिंग की गयी है. बालू घाट पर काम कर रहे मजदूर किसी तरह से जान बचाकर भाग निकले. इस दौरान एक गुट द्वारा दूसरे गुट के कार्यालय पर फायरिंग की गयी
और कार्यालय को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी तब तक घटना को अंजाम देने के बाद दोनों पक्ष के लोग भाग निकले. बताया जा रहा है कि बालू कंपनी की ब्रॉडसन कॉमोडिटीज़ प्रा. लिमिटेड के कोइलवर कार्यालय में कंपनी के दो पार्टनरों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद एक पक्ष के लोगों द्वारा धनडीहा पहुंच पार्टनर पुंज सिंह के मार्केट व मकान पर पहुंच लगभग एक दर्जन हवाई फायरिंग की,
जिससे मार्केट व मकान के खिड़की चकनाचूर हो गयी. दो दर्जन की संख्या में आये अपराधियों ने 10 मिनट तक हो हंगामा किया. लोगों का कहना है कि 50 राउंड से ज्यादा गोलीबारी की गयी. कोइलवर थाना इंचार्ज पंकज सैनी ने बताया कि धनडीहा स्थित मार्केट व बंगला पर असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ कर लगभग आधा दर्जन राउंड फायरिंग की गयी है. इसमें मकान में लगे शीशे टूट गये. गोलीबारी में शामिल सभी अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है.
