सड़क जाम कर किया हंगामा आक्रोश . बालू की कीमत को लेकर सड़क पर उतरे लोग

12 घंटे तक जाम के बाद मचा त्राहिमाम, कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच करती रही कैंप वरीय पदाधिकारियों के आश्वासन पर छूटा जाम, तरारी थाना क्षेत्र के धोकराहां गांव के पास हुआ जाम आरा/तरारी : बालू की कीमत वसूल करने को लेकर आक्रोशित ग्रामीण मंगलवार की देर रात सड़क पर उतर गये और […]

12 घंटे तक जाम के बाद मचा त्राहिमाम, कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच करती रही कैंप

वरीय पदाधिकारियों के आश्वासन पर छूटा जाम, तरारी थाना क्षेत्र के धोकराहां गांव के पास हुआ जाम
आरा/तरारी : बालू की कीमत वसूल करने को लेकर आक्रोशित ग्रामीण मंगलवार की देर रात सड़क पर उतर गये और सड़क जाम कर दिया गया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने हंगामा भी किया. घटना की खबर मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी और लोगों को समझाने- बुझाने लगी, लेकिन लोग पुलिस की एक नहीं सुने. इस दौरान कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे. बता दें कि मंगलवार की रात 12 बजे से ही लोग सड़क पर उतर गये थे और नासरीगंज से कोइलवर तक जानेवाली सड़क, स्टेट हाईवे पर धोकराहां गांव के समीप जाम कर हंगामा शुरू कर दिया गया. जाम के कारण लगभग 12 घंटा तक गांव के पास सैकड़ों की संख्या में लोग जमे रहे. आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि व्यक्तिगत उपयोग के लिए बालू लेने पर सरकार कीमत ले रही है,
जबकि पहले बालू की कीमत नहीं लगती थी और अब बालू की कीमत देनी पड़ रही है. ईमादपुर, अंधारी, बिहटा, कौलोडिहरी और खड़ाव पंचायत के अधिसंख्य लोगों की जमीन बालू की भेंट चढ़ गयी है. खेत में बालू के कटाव में चले जाने से लोगों को अनाज अथवा सब्जी की खेती करना असंभव हो गया है. बालू की निकासी के दौरान स्थानीय लोगों की उपेक्षा की जा रही है. उपेक्षा से नाराज लोग बाल बच्चों और महिलाओं के साथ मंगलवार की रात सड़क पर उतर गये और बुधवार के दिन 12 बजे तक सड़क पर जमे रहे. जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी. बाद में बगैर चालान के बालू ले जाने वाले बरामद वाहनों को छोड़ दिये जाने पर सड़क जाम हटाया गया. सड़क जाम कर रहे लोगों को संबोधित करते हुए जिप सदस्य उपेंद्र यादव ने कहा कि भरण- पोषण के लिए आर- पार की लड़ाई लड़ी जायेगी. सरकार को स्थानीय लोगों के खेत का मुआवजा देना होगा. सड़क जाम का नेतृत्व अजीत सिंह, रंजीत सिंह, रमेश सिंह, वीरेंद्र सिंह, लखीचंद्र राम और राजेंद्र राम ने किया.
12 घंटे तक जाम के कारण मच गया था त्राहिमाम : सड़क पर उतरे लोगों में इतना आक्रोश था कि मौके पर तरारी, इमादपुर, चौरी, सिकरहट्टा की पुलिस पहुंची हुई थी, लेकिन लाख प्रयास के बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. लोग लगातार 12 घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन करते रहे और हंगामा मचाते रहे. बाद में पुलिस ने लोगों को समझाया तब जाकर मामला शांत हुआ. इस दौरान जाम को लेकर त्राहिमाम मच गया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >