व्यवसायी ने खुद ही रची थी झूठे अपहरण की कहानी

लापता गल्ला व्यवसायी को पटना से पुलिस ने किया बरामद मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर पटना पहुंची भोजपुर पुलिस पीरो : पीरो बाजार से चार दिन पूर्व लापता तरारी प्रखंड के डुमरिया निवासी गल्ला व्यवसायी मनोज कुमार गुप्ता को पुलिस ने बुधवार को पटना स्थित आईजीएमएस के समीप से बरामद कर लिया. गल्ला व्यवसायी […]

लापता गल्ला व्यवसायी को पटना से पुलिस ने किया बरामद

मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर पटना पहुंची भोजपुर पुलिस
पीरो : पीरो बाजार से चार दिन पूर्व लापता तरारी प्रखंड के डुमरिया निवासी गल्ला व्यवसायी मनोज कुमार गुप्ता को पुलिस ने बुधवार को पटना स्थित आईजीएमएस के समीप से बरामद कर लिया. गल्ला व्यवसायी की बरामदगी के लिए डीएसपी के नेतृत्व में टीम बनाकर जांच की जा रही थी. मामले की जानकारी देते हुए पीरो डीएसपी रेशु कृष्णा ने बताया कि गल्ला व्यवसायी मनोज कुमार गुप्ता के पुत्र रोहित कुमार द्वारा तरारी थाने में अपने पिता के अपहरण की आशंका जाहिर करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
इसके बाद भोजपुर एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गल्ला व्यवसायी की सकुशल बरामदगी के लिए पीरो डीएसपी रेशु कृष्णा के नेतृत्व में पीरो थानाध्यक्ष जनमेजय राय, तरारी थानाध्यक्ष शशिकांत, नारायणपुर थानाध्यक्ष सुदेह कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाकर व्यवसायी की बरामदगी का टास्क दिया. इसके बाद पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस और सीडीआर रिपोर्ट के आधार पर अनुसंधान कर चार दिन के अंदर आईजीएमएस पटना के समीप से बरामद कर लिया.
कर्ज से परेशान होकर घर से भागा था व्यवसायी, झूठी अपहरण की रची थी कहानी
डीएसपी के अनुसार पूछताछ में गल्ला व्यवसायी ने स्वीकार किया कि उसके ऊपर किसानों का काफी कर्ज होने से वह परेशान था. इसी कारण 19 मई को जब वह अपने गांव के दो किसानों को पैसा देने के लिए पीरो आया, तो उन किसानों को बैंक से कुछ पैसा निकालकर देने के बाद छुपकर आरा आ गया और वहां से ट्रेन पकड़कर पटना पहुंच गया. इस दौरान वह अपने परिजनों से फोन पर बात कर अपहरण की झूठी कहानी बताता रहा. व्यवसायी के अनुसार उसने अपहरण का झूठा नाटक इसलिए रचा ताकि उसके रिश्तेदार फिरौती की रकम जुटाकर दें, जिससे वह बाद में अपना कर्ज उतार सके. पुलिस ने व्यवसायी के मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है. डीएसपी ने कहा कि गल्ला व्यवसायी की बरामदगी में भूमिका निभानेवाले सभी पुलिस पदाधिकारियों व पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा वरीय अधिकारी के पास की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >