सदर अस्पताल में चल रहा है इलाज
आरा/पीरो : जिले के पीरो थाना क्षेत्र के मोथी गांव में सोमवार की दोपहर भूमि विवाद को लेकर एक बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मार दी. घटना को अंजाम देने के बाद बड़ा भाई भाग निकला. जबकि एक भाई गोलीबारी की घटना में बाल-बाल बच गया. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की सहायता से जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. जख्मी मोथी गांव निवासी सिकंदर सिंह बताया जाता है, जो स्व गोपी सिंह का पुत्र है.
घटना के संबंध में जख्मी ने बताया कि तीनों भाइयों के बीच जमीन विवाद को लेकर पूर्व से झगड़ा चल रहा था. सोमवार को जख्मी के बड़े भाई राजेश सिंह तथा छोटा भाई सिंकदर सिंह खेत घुमने के लिए गये हुए थे. तभी उसका मंझला भाई धनु सिंह तथा उसका पुत्र पवन कुमार हथियार लेकर खेत पर आ धमका और जमीन बंटवारे के नाम पर पहले बकझक करने लगे. बाद में दोनों भाइयों पर पिता-पुत्र ने गोलियां चला दी, जिसमें एक गोली सिकंदर सिंह की पेट में लग गयी.
जबकि राजेश सिंह पर चली गोली से वे बाल-बाल बच गये. घटना को लेकर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा. घटना की सूचना मिलते ही पीरो थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी और छानबीन में जुट गयी. इस संबंध में पीरो थानाध्यक्ष जनमेजय राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जख्मी द्वारा दिये गये बयान में अपने भाई और भतीजे को आरोपित किया गया है.
