गजराजगंज थाना क्षेत्र के बरगहीं गांव के समीप की घटना
बैंक का पैसा कलेक्शन कर लौट रहा था एजेंट
आरा : गजराजगंज थाना क्षेत्र के बरगहीं गांव के समीप बुधवार की दोपहर बाइक सवार पांच अपराधियों ने हथियार के बल पर एक बैंक के एजेंट से 28 लाख रुपये लूट लिये. बैंक का एजेंट पैसा लेकर बिहिया से आरा आ रहा था. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग निकले. घटना के बाद वहां पर अफरातफरी मच गयी. बैंक एजेंट ने घटना की सूचना संबंधित थाने को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की. सूचना पाकर भोजपुर एसपी अवकाश कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि चांदी थाना क्षेत्र के कुंजन टोला गांव निवासी रूपेश कुमार आईसीआईसीआई बैंक का कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता है. बुधवार को वह बिहिया और शाहपुर क्षेत्र से पैसे का कलेक्शन कर 28 लाख रुपये लेकर बाइक से लौट रहा था.
रास्ते में गजराजगंज थाना क्षेत्र के बरगहीं गांव के समीप अपराधियों ने हथियार कर भय दिखाकर रुपये से भरा बैग लूट लिया. हालांकि इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं. इतने ज्यादा रुपये लेकर बैंक एजेंट बाइक से अकेले ही आरा आ रहा था, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं. हालांकि पुलिस फिलहाल इसे लूट मानकर ही जांच कर रही है. पुलिसिया अनुसंधान के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा. इस संबंध में बैंक एजेंट ने गजराजगंज थाने में मामला दर्ज कराया है. एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि एजेंट की ओर से दिये गये आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है.
