सीएम के आगमन को लेकर सजने लगा दांवा गांव
जगदीशपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भोजपुर में संभावित 13 जनवरी को विकास यात्रा को लेकर जगदीशपुर प्रखंड का दांवा गांव अब चकाचक होने लगा है. पूरा गांव हाई टेक हो चुका है. हर तरह की सुविधाएं गांव में उपलब्ध करायी जा रही है. इसके लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. जो अब […]
जगदीशपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भोजपुर में संभावित 13 जनवरी को विकास यात्रा को लेकर जगदीशपुर प्रखंड का दांवा गांव अब चकाचक होने लगा है. पूरा गांव हाई टेक हो चुका है. हर तरह की सुविधाएं गांव में उपलब्ध करायी जा रही है. इसके लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. जो अब अंतिम दौर में हैं.
योजनाओं को पूरा करने के लिए जिले के आला अधिकारियों से लेकर स्थानीय स्तर के सभी अधिकारी अपनी पूरी ताकत झोंके हुए हैं. पूरा प्रशासनिक महकमा कार्यक्रम की सफलता को लेकर दिन-रात एक किया है. गत 20 दिनों से दांवा गांव वीआईपी गांव के रूप में उभरकर सामने आया है. ग्रामीणों को इसे लेकर एक अलग ही अहसास का आभास हो रहा है. गांव में पूरे दिन अधिकारियों का जमावड़ा देखकर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है.
डीआईजी से लेकर जिलाधिकारी तक ले रहे हैं जायजा: शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी, जिलाधिकारी संजीव कुमार, एसपी अवकाश कुमार, डीडीसी शंशाक शुभंकर, एसडीएम कुमार पंकज, एएसपी दयाशंकर, बीडीओ प्रभाकर कुमार दांवा गांव पहुंचकर कार्यो की प्रगति व सुरक्षा को लेकर भी जायजा ले रहें हैं ताकि विकास कार्यों व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कोई खामी नहीं रह जाये.
सड़कें बन चुकी हैं चकाचक
गांव की सड़कें चकाचक हो चुकी हैं. ईंट सोलिंग, पीसीसी, नाली- गली को चुस्त- दुरुस्त कर दिया गया है. पंचायत सरकार भवन की चहारदीवारी का भी कार्य लगभग पूरा हो चुका है. महादलित टोला के मुसहर टोली में नौ सूअर पालन का शेड बनाया जा रहा है. लगभग दो करोड़ की योजना कार्य चलने से अब दांवा गांव पहले की तरह नहीं रहा. मुख्यमंत्री के 13 जनवरी को प्रस्तावित दांवा गांव आने के कार्यक्रम से सारी योजनाएं अपडेट हो गयी है और धरातल पर युद्धस्तर का कार्य चल रहा है.